9 Mar 2026, Mon

नामांकित 688 बच्चे की पठन पाठन की जिम्मेवारी प्राथमिक स्तर के 4 सहायक अध्यापकों के ऊपर, शिक्षक की मांग हुई तेज

शेयर करें

अनुप सिंह

कांडी-प्रखण्ड के सरकोनी पंचायत अंतर्गत राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय बुनियादी सेमौरा को उत्क्रमण के दो वर्ष बाद भी माध्यमिक स्तर के एक भी शिक्षक नही मिले।वर्तमान में भी उच्च प्राथमिक स्तर के भी एक भी शिक्षक नही हैं।इस स्कूल में नामांकित 688 बच्चे की पठन पाठन की जिम्मेवारी प्राथमिक स्तर के 4 सहायक अध्यापकों के ऊपर है। विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर पंचायत मुखिया सुबोध कुमार वर्मा ने जिला शिक्षा पदाधिकारी व उपायुक्त गढ़वा को अपने लेटर हेड पर एक पत्र देते हुए शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति व पदस्थापन का मांग किया है।उन्होंने कहा है कि इस विद्यालय में शिक्षकों की कमी के कारण बच्चों का भविष्य अंधकार में है। इस विद्यालय के हाई स्कूल के वर्ग 9 व 10 में 246 बच्चे अध्ययनरत हैं। लेकिन माध्यमिक स्तर के एक भी शिक्षक नही हैं ।इस वर्ष 2026 में इस विद्यालय के प्रथम बैच मैट्रिक के वार्षिक परीक्षा में भाग लिया है। सबसे कमाल की बात है कि हाई स्कूल स्तर के शिक्षक नही होने के बावजूद बच्चे वर्ग 9 से पास कर 10 में चले गए फिर वर्ग 10 में एक वर्ष पढ़ाई करने के बाद मैट्रिक परीक्षा भी लिख दिए।

मुखिया सुबोध कुमार वर्मा ने अपने पत्र के माध्यम से मांग किया है कि छात्र संख्या के अनुसार शिक्षक नही होने से शिक्षण कार्य ठप पड़ गया है।विद्यालय में वर्ग 1 से 10 की शिक्षा दी जाती है।लेकिन मुख्य विषय गणित,अंग्रेजी, विज्ञान व सामाजिक विज्ञान विषय की पढ़ाई सही ढंग से नही हो पा रही है।मुखिया ने विभाग के पदाधिकारियों से इस विद्यालय के ऊपर ध्यान देते हुए प्राथमिकता के आधार पर विषय वार शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति या स्थायी पदस्थापन किया जाए।विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय कुमार ने बताया कि शिक्षकों की कमी के कारण वर्ग 1 से 10 तक के बच्चों को शिक्षण कार्य सम्पन्न कराने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभाग छात्र हित में इस तरफ ध्यान देते हुए शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति जल्द करने की मांग किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *