8 Mar 2026, Sun

4 करोड़ 29 लाख से अधिक रुपए की बनाई जाएगी यह सड़क, विधायक ने किया शिलान्यास

शेयर करें

अनुप सिंह

बरडीहा: मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2023–24 का बरडीहा प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए एक महत्वपूर्ण सड़क मरम्मत कार्य का शिलान्यास किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने असनाजरही मदरसा चौक से खरडीहा होते हुए सुख नदी तक बनने वाली सड़क के मरम्मत कार्य की नारियल फोड़कर आधारशिला रखी। 5.10 किलोमीटर कि इस सड़क परियोजना की कुल लागत 4 करोड़ 29 लाख 27400 रुपये निर्धारित की गई है।

शिलान्यास कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों तथा संबंधित विभाग के अधिकारी की उपस्थिति रही। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सड़क, बिजली,पानी और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का मजबूत होना बहुत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस सड़क के बन जाने से असनाजरही, खरडीहा और आसपास के कई गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। खासकर किसानों, छात्रों और मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

विधायक ने कहा कि बरसात के मौसम में यह सड़क काफी जर्जर हो जाती थी, जिससे लोगों को आने-जाने में कठिनाई होती थी। अब सड़क की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण से इस समस्या का समाधान होगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि क्षेत्र के अन्य गांवों में भी सड़क और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

ग्रामीणों ने इस योजना के लिए मुख्यमंत्री तथा विधायक के प्रति आभार व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो रही है। सड़क बनने से क्षेत्र में व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी तथा ग्रामीणों का जीवन स्तर भी बेहतर होगा।

इस प्रकार मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत यह परियोजना बरडीहा प्रखंड के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि निर्धारित समय में कार्य पूरा होने के बाद उन्हें बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा मिल सकेगी। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि विनोद रजवार, राजद प्रखंड अध्यक्ष बबलू रजवार,पंकज कुमार गुप्ता,विनोद राम,पपे ठाकुर, दीनानाथ प्रसाद, अमीनुद्दीन अंसारी एवं सुखारी सिंह सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *