*मझिआंव प्रखंड कार्यालय के सभागार में वीर योद्धा नीलांबर पीतांबर की शहादत दिवस के अवसर पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर उनकी तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए, उनके अद्वितीय संघर्ष और बलिदान को याद किया गया।
समारोह में प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती कनक, अंचल अधिकारी प्रमोद कुमार, बीपीओ अजीत कुमार सिंह, जनसेवक सह पंचायती राज पदाधिकारी परमानंद प्रसाद, सत्येंद्र पांडे, प्रखंड और अंचल के अन्य कर्मी, तथा विभिन्न बुद्धिजीवी ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि अर्पित की और नीलांबर पीतांबर के योगदान को सलाम किया।
नीलांबर पीतांबर: वीरता की मिसाल
ज्ञात हो की नीलांबर पीतांबर एक ऐसे वीर स्वतंत्रता सेनानी थे, जिन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ गुरिला युद्ध की रणनीति अपनाकर अंग्रेजों को कड़ी चुनौती दी थी। वे झारखंड के निवासी थे और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण रही। उन्होंने अपनी जान की बाजी लगाकर अपने क्षेत्रवासियों को ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष के लिए प्रेरित किया।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान सीओ प्रमोद कुमार ने कहा कि
नीलांबर पीतांबर का योगदान ना केवल अपने स्थानीय क्षेत्र के लिए बल्कि पूरे झारखंड क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम के प्रतीक के रूप में हमेशा याद रखा जाएगा। उनके संघर्ष ने अंग्रेजों को यह समझने पर मजबूर कर दिया कि भारतीय जनता ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ एकजुट हो सकती है। उनका शहादत दिवस हमें यह सिखाता है कि स्वतंत्रता के लिए संघर्ष की कीमत हमेशा बहुत बड़ी होती है।
वही प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती कनक ने कहा कि
आज भी नीलांबर पीतांबर के अद्वितीय बलिदान को याद करते हुए, उनके जीवन और उनके संघर्ष से प्रेरणा ली जाती है। इस अवसर पर सभी ने उनके योगदान को नमन किया और आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और बलिदान के बारे में बताने की शपथ ली।