बड़कागांव : बादम गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां घर के किचन में खाना बनाने के दौरान लगी आग की चपेट में आने से 32 वर्षीया उषा देवी की मौत हो गई। उषा देवी बादम निवासी मिथिलेश ठाकुर की पत्नी थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 29 जनवरी की है। उषा देवी दोपहर में खाना बनाने के लिए रसोई घर में गई थीं। जैसे ही उन्होंने गैस चूल्हा जलाने के लिए लाइटर जलाया, किचन में पहले से लीक होकर जमा हुई गैस ने भीषण आग पकड़ ली। इस अचानक हुए हादसे में उषा देवी बुरी तरह झुलस गईं।
परिजनों ने आनन-फानन में आग बुझाकर उन्हें हजारीबाग अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। रांची के देवकमल अस्पताल में पिछले कुछ दिनों से उनका उपचार चल रहा था, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद 2 फरवरी की शाम करीब 4:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
गांव में शोक की लहर
मंगलवार, 3 फरवरी को बादम की बदमाही नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतिका अपने पीछे पति और दो छोटे बच्चों 13 वर्षीय पुत्र साहिल और 6 वर्षीया पुत्री सालवी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। बच्चों के सिर से मां का साया उठ जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।