बरडीहा:- थाना क्षेत्र के कौवा खोह गांव में बिजली प्रवाहित करंट की चपेट में आने से एक मां को बचाने में दो बेटे भी घायल हो गए। घायलों की पहचान कौवाखोह गांव निवासी सागर राम के 60 वर्षीय पत्नी दीपा देवी एवं उसके 42 वर्षीय पुत्र बलि राम एवं 35 वर्षीय पुत्र अजय राम के रूप में की गई। परिजनों एवं ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज हेतु रेफरल अस्पताल लाया गया। घटना के संबंध में घायल बलिराम ने बताया कि मेरी मां सुबह लगभग 5:00 बजे प्रत्येक दिन की भांति घर से नित्य क्रिया से निवृत होने जा रही थी।घर से महज 10 मीटर की दूरी पर हम लोग के गोत्तिया राजूराम की पत्नी चिंता देवी एवं विगन राम की पत्नी उर्मिला देवी के द्वारा पुरानी रंजीश को लेकर रहर के खेत में बिजली प्रवाहित नंगा तार लगा दिया गया था।
इसके चपेट में मेरी मां आ गई। मां के चिल्लाने पर बचाने गया छोटा भाई अजय भी करंट के चपेट में आ गया,और उसके पश्चात मैं भी बचाने के प्रयास में गया और मैं भी मां एवं भाई में चिपक गया।
इधर घायल दीपा देवी के नाती मनीष कुमार ने बरडीहा थाना में लिखित आवेदन देकर दोनों आरोपियों के ऊपर कानूनी कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को न्याय दिलाने की मांग की है। दिए गए आवेदन में कहा गया है कि उपरोक्त दोनों महिला के द्वारा जान बूझकर किया गया जानलेवा कृत्य है।जो क्षमा योग्य नहीं है।
इधर इस संबंध में पूछे जाने पर थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन मिलते ही जांच कर करवाई किया जाएगा।