6 Feb 2026, Fri

“आइये खुशियाँ बाँटें” : 20वें दिन भी जारी रही मानवीय पहल,विकताम की भुइंया टोली में जरूरतमंदों के बीच बांटे गये गर्म कपड़े

शेयर करें

अनुप सिंह

गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की पहल एवं देखरेख में सामाजिक-प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान शनिवार को अपने लगातार 20वें दिन भी जारी रहा। इस क्रम में आज मेराल प्रखंड की विकताम पंचायत अंतर्गत भुइंया टोली में जरूरतमंद परिवारों के बीच गर्म वस्त्रों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वेटर, जैकेट, टोपी, मोजे सहित अन्य आवश्यक ऊनी वस्त्र उपलब्ध कराए गए, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें तत्काल राहत मिल सके। गर्म कपड़े पाकर उनके चेहरों पर खुशी और संतोष स्पष्ट दिखाई दिया।

इस अवसर पर मुखिया सुरेश पासवान एवं बीडीसी सदस्य विनोद राम भी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज के वंचित और कमजोर वर्गों के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि यह अभियान बीते 20 दिनों से निरंतर जिले की वंचित, दूरस्थ एवं उपेक्षित बस्तियों में संचालित किया जा रहा है। अब तक लगभग 5 हजार जरूरतमंद लोगों तक गर्म कपड़े पहुँचाकर ठंड के मौसम में मानवीय संवेदना और सहयोग की गर्माहट पहुँचाई जा चुकी है। अभियान के लिए आवश्यक सामग्री समाज के भद्र नागरिकों, दानदाताओं एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से एकत्रित की जा रही है।

सदर एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि “यह अभियान केवल वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सबसे कमजोर वर्गों के साथ खड़े होने का सामूहिक संकल्प है। समाज के सहयोग से यह मानवीय प्रयास लगातार आगे बढ़ रहा है।”

इस वितरण कार्यक्रम को सफल बनाने में कंचन प्रसाद, रविंद्र पासवान, अखिलेश राम एवं प्रिंस कुमार की विशेष भूमिका रही, जिनके सक्रिय सहयोग से कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *