गढ़वा: सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की पहल एवं देखरेख में सामाजिक-प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान के तहत आज जिले के दो अलग-अलग प्रखंडों की दो वंचित बस्तियों में पहुँचकर जरूरतमंद परिवारों को राहत सामग्री उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में कांडी प्रखंड के हरिगांवा क्षेत्र में निवास कर रहे मुसहर परिवारों के बीच पहुँचकर बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को गर्म कपड़े प्रदान किए गए। ठंड के मौसम में यह सहायता पाकर स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की और अभियान के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं दूसरे चरण में डंडई प्रखंड के सुअरजंघा गाँव की आदिवासी बहुल बस्ती में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहाँ बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक जरूरतमंदों को गर्म वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई। वितरण के दौरान टीम के सदस्यों ने ग्रामीणों से संवाद भी किया और बच्चों को आगे बढ़ने व शिक्षा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान जिले की दूरस्थ, उपेक्षित और कमजोर बस्तियों में निरंतर चलाया जा रहा है, ताकि ठंड के मौसम में कोई भी जरूरतमंद परिवार असहाय न रहे। इस मानवीय पहल के लिए सामग्री समाज के सहयोगी नागरिकों, दानदाताओं एवं सामाजिक संगठनों के सहयोग से एकत्रित की जा रही है।
एसडीएम ने कहा कि यह अभियान समाज के सबसे कमजोर वर्गों तक संवेदना और सहयोग पहुँचाने का प्रयास है। प्रशासन और समाज के संयुक्त प्रयास से यह मुहिम लगातार मजबूत होती जा रही है।
वितरण अभियान में कंचन प्रसाद, रविंद्र पासवान, अनिल कुमार, प्रिंस कुमार आदि की भूमिका रही।