6 Feb 2026, Fri

उपायुक्त की जनसुनवाई में गूंजा जनहित का स्वर,आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को मिले स्पष्ट निर्देश

शेयर करें

अनुप सिंह

गढ़वा उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री दिनेश यादव की अध्यक्षता में शुक्रवार को नये समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए 70 से अधिक फरियादियों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं को सीधे उपायुक्त के समक्ष रखा।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन), सामाजिक सुरक्षा पेंशन, भूमि विवाद, अवैध कब्जा, नामांतरण, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुआवजा, अतिक्रमण, सरकारी योजनाओं का लाभ, आंगनबाड़ी सेविका चयन, पंचायत सहायक चयन, पेयजल एवं स्वच्छता तथा रोजगार सृजन से संबंधित अनेक आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को प्रत्येक आवेदन की त्वरित जांच कर नियमानुसार समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में सामने आए प्रमुख प्रकरण

रमना प्रखंड अंतर्गत ग्राम चनाकला निवासी रामचंद्र विचार ने अपने आवेदन में बताया कि उन्हें सरकार द्वारा प्रदत्त भूमि पर वे पिछले 30 वर्षों से खेती कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। किंतु गांव के कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा उनकी भूमि को अवैध रूप से बेचने का प्रयास किया जा रहा है तथा उन्हें लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने स्वयं को गरीब किसान बताते हुए उपायुक्त से हस्तक्षेप कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई एवं न्याय दिलाने की मांग की।

नगर उंटारी प्रखंड के ग्राम कुशडंड से आए कयामुद्दीन अंसारी, राजदेव पाल सहित अन्य ग्रामीणों ने आवेदन देकर आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत में 14वें वित्त आयोग की योजना से बने चबूतरे को पुनः 15वें वित्त आयोग की योजना में दिखाकर फर्जी स्वीकृति दी गई तथा बिचौलियों के माध्यम से ₹89,400 की निकासी की गई। इसके अतिरिक्त गांव के मदरसा की चाहरदीवारी, जो ग्रामीणों के चंदे से पूर्व में निर्मित थी, उसे भी 15वें वित्त आयोग की योजना में दर्शाकर ₹1,86,000 की कथित फर्जी निकासी की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कांडी प्रखंड के ग्राम घटहुआ कला से आई जसिमा बीबी, नुरेशा बीबी एवं शैकत अंसारी ने बताया कि उनका पीला राशन कार्ड 2 दिसंबर 2025 को रद्द कर दिया गया है, जिससे उन्हें राशन मिलना बंद हो गया है और उनके समक्ष जीवन-यापन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने पुनः जांच कर राशन कार्ड निर्गत कराने का अनुरोध किया।

वहीं रंका प्रखंड अंतर्गत ग्राम कंचनपुर से आए पंचायत समिति सदस्य शंकर राम ने संजय प्रसाद, संकुल साधन सेवी (CRP), के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी द्वारा शिक्षकों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है तथा दबाव बनाकर कपड़ा एवं अन्य सामग्री क्रय करने के लिए मजबूर किया जाता है, जिसकी गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारी का गृह प्रखंड से स्थानांतरण एवं उचित कार्रवाई की मांग की।

प्रशासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम

इस अवसर पर उपायुक्त श्री दिनेश यादव ने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन और आम नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक प्रभावी मंच है। इससे न केवल समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होता है, बल्कि शासन-प्रशासन में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनविश्वास भी सुदृढ़ होता है।

उन्होंने बताया कि जिले एवं सभी प्रखंडों में प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को नियमित रूप से जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *