6 Feb 2026, Fri

सुशासन सप्ताह 2025 : “प्रशासन गाँव की ओर” अभियान संपन्न,19 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चला व्यापक जनकल्याणकारी अभियान

शेयर करें

49 विशेष शिविरों के माध्यम से 2618 जनसमस्याओं का त्वरित समाधान, ग्रामीण जनता तक पहुँचा प्रशासन

अनुप सिंह

गढ़वा: भारत सरकार द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों के आलोक में सुशासन सप्ताह (Good Governance Week) 2025 के अवसर पर जिले में संचालित “प्रशासन गाँव की ओर” अभियान का सफलतापूर्वक समापन दिनांक 25 दिसंबर 2025 को कर दिया गया। यह अभियान 19 दिसंबर 2025 से 25 दिसंबर 2025 तक जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में प्रभावी रूप से संचालित किया गया।

इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना, लोक शिकायत निवारण प्रणाली को सशक्त बनाना तथा सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुँच को बेहतर बनाना रहा।

इस संबंध में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी श्री दिनेश यादव द्वारा पूर्व में ही जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों एवं संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश निर्गत किए गए थे। उनके मार्गदर्शन में जिलेभर में अभियान का सुनियोजित एवं समयबद्ध क्रियान्वयन किया गया।

उपायुक्त श्री यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान की अवधि के दौरान जिले में कुल 49 विशेष शिविरों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से 2618 प्राप्त आवेदनों एवं जन-शिकायतों का सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को उनके गाँव एवं पंचायत स्तर पर ही प्रशासनिक सेवाएँ उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान हेतु कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

अभियान के अंतर्गत प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर आयोजित विशेष शिविरों में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति में आम जनता की शिकायतों, मांगों एवं आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया गया। साथ ही जिन मामलों का त्वरित निष्पादन संभव नहीं था, उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादित करने हेतु संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।

पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड की गई जानकारियाँ

“प्रशासन गाँव की ओर” अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविरों की दैनिक प्रगति रिपोर्ट भारत सरकार के निर्धारित पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड की गई। पोर्टल पर प्रमुख रूप से जिन जानकारियों को दर्ज किया गया, उनमें विशेष शिविरों में प्राप्त एवं निपटाई गई जन-शिकायतों की संख्या, सीपीग्राम्स एवं राज्य स्तरीय पोर्टलों पर निस्तारित शिकायतों का विवरण, ऑनलाइन सेवा वितरण हेतु जोड़ी गई सेवाओं की संख्या, निपटाए गए आवेदनों का विवरण, सुशासन की उत्कृष्ट प्रथाओं का संकलन, शिविरों के फोटोग्राफ, प्रचार-प्रसार गतिविधियाँ, जनसमस्याओं के समाधान से जुड़ी सफलता की कहानियाँ तथा आयोजित जागरूकता एवं प्रचार कार्यक्रमों का विवरण शामिल है।

प्रशासनिक निर्देश एवं समन्वय

उपायुक्त श्री यादव ने अभियान के दौरान सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके तहत पंचायत स्तर पर तिथि-वार शिविरों का निर्धारण कर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई, जिससे आम जनता को अधिकतम लाभ मिल सका।

केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए अभियान से संबंधित सभी प्रविष्टियाँ “प्रशासन गाँव की ओर” पोर्टल

(https://darpgapps.nic.in/GGW25)पर समयबद्ध रूप से दर्ज की गईं।

जिला प्रशासन का यह प्रयास ग्रामीण जनता को सशक्त बनाने, शासन को जन-जन तक पहुँचाने तथा सुशासन की अवधारणा को जमीनी स्तर पर साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण, प्रभावी एवं सराहनीय पहल सिद्ध हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *