5 Feb 2026, Thu

बोर्ड परीक्षा को लेकर प्रशासन सख्त,अंचलाधिकारी ने खुद संभाली कमान, परीक्षा केंद्र का किया निरीक्षण

शेयर करें

लापरवाही बरतने पर केंद्राधीक्षकों एवं विक्षण शिक्षकों पर होगी कार्रवाई: राकेश सहाय

अनुप सिंह

कांडी : झारखंड एकाडमिक काउंसिल जैक द्वारा आयोजित वार्षिक परीक्षा को लेकर प्रखंड प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गुरुवार को कांडी के सोनभद्र और कांडी हाई स्कूल स्थित परीक्षा केंद्रों का अंचल अधिकारी राकेश सहाय ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा हॉल में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कदाचार मुक्त परीक्षा संपन्न कराने को लेकर कई कड़े निर्देश जारी किए।

लापरवाही पर शिक्षकों पर गिरेगी गाज

निरीक्षण के दौरान अंचल अधिकारी राकेश सहाय का रुख बेहद सख्त नजर आया। उन्होंने केंद्रा अधीक्षकों और वीक्षण कार्य में लगे शिक्षकों को दो-टूक शब्दों में चेतावनी दी कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। श्री सहाय ने स्पष्ट किया कि जिस क्लास रूम में अनियमितता या चोरी पाई जाएगी, वहां तैनात शिक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का प्रस्ताव जिला मुख्यालय को भेजा जाएगा।

मोबाइल पर पूर्ण प्रतिबंध

जिला प्रशासन और जैक के दिशा-निर्देशों का हवाला देते हुए अंचल अधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन का प्रवेश पूरी तरह वर्जित है। यह नियम केवल छात्र-छात्राओं के लिए ही नहीं, बल्कि ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों के लिए भी अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिया कि वीक्षण कार्य के दौरान शिक्षक अपने पास मोबाइल फोन नहीं रखेंगे। यदि कोई शिक्षक परीक्षा कक्ष में मोबाइल के साथ पाया जाता है, तो इसे अनुशासनहीनता मानकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अंचल अधिकारी के इस औचक निरीक्षण और सख्त रुख से परीक्षा केंद्रों पर हड़कंप का माहौल रहा। प्रशासन की इस सक्रियता का मुख्य उद्देश्य गढ़वा जिले में कदाचार मुक्त और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *