गढ़वा: सामाजिक सहभागिता और प्रशासनिक संवेदना से संचालित “आइये खुशियाँ बाँटें” के 41वें दिन आज नवादा गाँव में जरूरतमंद लोगों के बीच पहुँचकर मानवीय सरोकार की मिसाल बना। अभियान के तहत गाँव में निवासरत वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर मजदूर परिवारों के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उनकी आवश्यकता के अनुसार गर्म वस्त्र उपलब्ध कराए गए।
ठंड के इस मौसम में स्वेटर, जैकेट, शॉल, कंबल एवं अन्य ऊनी कपड़े पाकर जरूरतमंदों ने राहत महसूस की। विशेष रूप से बच्चों के चेहरों पर आई मुस्कान और बुजुर्गों की आंखों में झलकता सुकून इस अभियान की सार्थकता को दर्शाता नजर आया।
टीम के सदस्यों ने बताया कि यह पहल केवल सहायता वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को यह एहसास दिलाने का प्रयास है कि कठिन समय में प्रशासन और समाज दोनों उनके साथ खड़े हैं। अभियान प्रतिदिन अलग-अलग वंचित बस्तियों में पहुँचकर जरूरतमंद परिवारों तक मदद और सम्मान दोनों पहुँचाने का कार्य कर रहा है।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की देखरेख में संचालित यह अभियान प्रशासन और समाज के साझा प्रयास का परिणाम है, जिसमें दानदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों का सहयोग लगातार मिल रहा है।