कांडी: प्रखंड मुख्यालय स्थित कार्यालय परिसर में आज शुक्रवार को एक विशाल स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा अधिकारी, गढ़वा के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ चिकित्सा परामर्श और स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।
मेले में सुबह से ही पंजीकरण के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। डॉ. मंजय कुमार और आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. शब्द प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम मरीजों की जांच कर रही है। दांतों की समस्याओं के लिए विकास राम, टीबी जांच हेतु कन्हैया कुमार और कुपोषण परामर्श हेतु एमटीसी काउंसलर चंदा कुमारी अपनी सेवाएं दे रहे हैं। मेले में टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच और परिवार नियोजन के अलग-अलग स्टॉल लगाए गए हैं। वहीं, योग शिक्षक दीपक कुमार मिश्रा व गुप्तेश्वर मिश्र लोगों को निरोग रहने के गुर सिखा रहे हैं।
बीडीओ ने सहियाओं को दिए निर्देश: बीमारों को दिलाएं सरकारी लाभ
मेले के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) राकेश सहाय ने उपस्थित स्वास्थ्य सहियाओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के वैसे गरीब और असहाय लोग जो गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, उनके लिए सरकार 2,000 रुपये से लेकर 15,000 रुपये तक की सहायता राशि प्रदान कर रही है। बीडीओ ने सहियाओं को निर्देशित किया कि वे ऐसे मरीजों की पहचान करें और उनसे आवेदन पत्र भरवाकर उन्हें सरकारी लाभ दिलवाना सुनिश्चित करें।
मेले के सफल संचालन हेतु बीडीएम सुचित कुमार सिंह पूरी व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। कार्यालय के आदेशानुसार सभी कर्मी निर्धारित ड्रेस कोड में सेवाएं दे रहे हैं। कार्यक्रम की सूचना मँझिआंव, बरडीहा और कांडी के प्रखंड विकास अधिकारियों को पहले ही दे दी गई थी, जिससे प्रशासनिक समन्वय बेहतर रहा।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गांव में ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह मिलने से उन्हें काफी राहत मिली है। मेले के सफल आयोजन में सीएचओ योगेश सैनी, ओम प्रकाश कुमार, एएनएम सोनी, गीता कुमारी और अशोक कुमार, कन्हैया कुमार, सुजीत कुमार समेत कांडी क्लस्टर की सभी सहियाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्य समाप्ति के बाद सभी कर्मियों को अपनी रिपोर्ट ब्लॉक डेटा मैनेजर शिव कुमार को सौंपने का निर्देश दिया गया है।