5 Feb 2026, Thu

उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने सपरिवार किया सुखलदरी जलप्रपात का भ्रमण, अधिकारियों के साथ लिया वनभोज का आनंद

शेयर करें

अनुप सिंह

गढ़वा जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सुखलदरी जलप्रपात में बुधवार को जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों का सपरिवार भ्रमण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान उपायुक्त दिनेश कुमार यादव व पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ सुखलदरी जलप्रपात पहुंचे और क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक अमन कुमार, डीएफओ अंशुमान राजहंस, एबिन बेनी अब्राहम, एसडीओ प्रभाकर मिर्धा एवं सीओ विमल कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों की उपस्थिति से जलप्रपात क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता देखने को मिली।

भ्रमण के दौरान उपायुक्त सहित सभी अधिकारियों ने जलप्रपात परिसर, पर्यटक मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं साफ-सफाई की स्थिति का अवलोकन किया। अधिकारियों ने पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर संबंधित कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने कहा कि सुखलदरी जलप्रपात जिले का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में यहां आने वाले पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उपायुक्त ने कहा कि इस जलप्रपात को और विकसित करने के लिए पर्यटन विभाग से पहल की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि जलप्रपात क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती एवं निगरानी को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और खतरनाक स्थलों पर जाने से बचें।

वहीं वन विभाग के अधिकारियों डीएफओ अंशुमान राजहंस एवं एबिन बेनी अब्राहम ने पर्यावरण संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सुखलदरी जलप्रपात प्राकृतिक धरोहर है, जिसे संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पर्यटकों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक का प्रयोग न करें और प्राकृतिक वातावरण को स्वच्छ बनाए रखें।

भ्रमण के उपरांत सभी अधिकारियों एवं उनके परिजनों ने सुखलदरी जलप्रपात परिसर में वनभोज का आनंद लिया। प्राकृतिक वातावरण के बीच अधिकारियों ने कुछ समय व्यतीत किया और आपसी संवाद किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे पर्यटन स्थलों का भ्रमण न केवल मानसिक सुकून प्रदान करता है, बल्कि पर्यटन विकास की संभावनाओं को भी नजदीक से समझने का अवसर देता है।

अधिकारियों के इस सपरिवार भ्रमण और वनभोज कार्यक्रम से स्थानीय लोगों में उत्साह देखा गया। साथ ही सुखलदरी जलप्रपात के पर्यटन महत्व को लेकर एक सकारात्मक संदेश भी गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *