17 Feb 2026, Tue

नए उपायुक्त ने रंका में किया औचक निरीक्षण, मनरेगा समेत कई अनियमितताओं पर मिली शिकायतें

शेयर करें

अनुप सिंह

गढ़वा जिला के नवनियुक्त उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने 11 जून को दोपहर लगभग 2:00 बजे रंका अनुमंडल के प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई विभागों में अनियमितताओं की शिकायतें प्राप्त हुईं।

सबसे पहले उपायुक्त ने रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया, जहां स्थानीय लोगों ने उन्हें अस्पताल में बाउंड्री वॉल की कमी, एक्सरे मशीन की अनुपलब्धता तथा डॉक्टरों की कमी जैसी समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।

इसके बाद उपायुक्त भंडरिया की ओर रवाना हुए और लौटते वक्त पुनः रंका प्रखंड कार्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने मनरेगा कार्यों में हो रही अनियमितताओं की शिकायत की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि रंका बीपीओ द्वारा योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है। इस शिकायत को रंका भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष ने उपायुक्त के समक्ष रखा। जब उपायुक्त ने बीपीओ की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली, तो बताया गया कि वे डीडीसी की बैठक में गढ़वा गए हुए हैं।


इसके अतिरिक्त ग्रामीणों ने भूमि सुधार उप समाहर्ता रंका के आदेश के बावजूद अंचल कार्यालय में मोटेशन (नामांतरण) कार्य नहीं होने की शिकायत भी की। इस पर उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी को मोटेशन से संबंधित परेशानी हो रही है तो वे सीधे उनके कार्यालय में आकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि ऐसे मामलों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त दिनेश कुमार यादव के इस औचक निरीक्षण से अधिकारियों और कर्मियों में हलचल मच गई है। उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया कि लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं पर शीघ्र समाधान होगा और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *