कांडी : कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, कांडी में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 में नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन समिति और प्रखंड के गणमान्य जनप्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को सुबह 11:30 बजे विद्यालय परिसर में आयोजित की गई है।
विद्यालय की वार्डन-सह-शिक्षिका उषा कुमारी ने बताया कि उपायुक्त के आदेशानुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कक्षा 6 की कुल 75 रिक्त सीटों पर बालिकाओं के नामांकन हेतु विचार-विमर्श किया जाना है।
इस बैठक में प्रखंड प्रमुख, उपप्रमुख, जिला परिषद सदस्य, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य और आंगनबाड़ी सेविकाओं को आमंत्रित किया गया है।
बैठक में नामांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और पात्र बालिकाओं तक इसकी जानकारी पहुँचाने की रणनीति तैयार की जाएगी। विद्यालय प्रशासन ने सभी आमंत्रित सदस्यों से नियत समय पर उपस्थित होने का अनुरोध किया है।