कांडी: प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत गढ़वा- कांडी मुख्य सड़क पर डुमरसोता गांव के समीप ढबरिया कब्रिस्तान के पास स्थित तीखा मोड़ लंबे समय से दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ है। इस खतरनाक मोड़ पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं में कई मौतें तक हो चुकी है। जिसको लेकर दृष्टि यूथ ऑर्गेनाइजेशन के प्रधान सचिव सह सामाजिक कार्यकर्ता शशांक शेखर द्वारा सड़क परिवहन मंत्री एवं झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ से आग्रह किया गया था।
जिसके बाद शशांक शेखर के आग्रह को गंभीरता से लेते हुए मंत्री दीपक बिरुआ ने मामले पर त्वरित संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों को स्थल निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। मंत्री द्वारा गढ़वा उपायुक्त को निर्देश दिया है कि सड़क सुरक्षा की दृष्टि से उक्त स्थान पर समुचित उपाय किए जाएं, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तीखे मोड़ पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिससे कई परिवारों को अपूरणीय क्षति उठानी पड़ी है। सड़क पर चेतावनी संकेतक, स्पीड ब्रेकर, रेलिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
मंत्री के हस्तक्षेप के बाद क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही इस खतरनाक मोड़ पर ठोस कार्रवाई होगी और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकेगी।
वहीं इस संबंध में शशांक शेखर ने बताया कि सड़क परिवहन मंत्री द्वारा संज्ञान लिया गया यह बहुत ही सराहनीय कार्य है।