6 Feb 2026, Fri

“आइये खुशियाँ बाँटें” : संगबरिया गाँव पहुँची सेवा और संवेदना,बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक उपलब्ध कराए गए गर्म कपड़े

शेयर करें

अनुप सिंह

गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की पहल एवं देखरेख में सामाजिक-प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान रविवार को अपने लगातार 22वें दिन भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहा। इस क्रम में आज यह मानवीय कार्यक्रम संगबरिया गाँव में आयोजित किया गया, जहाँ बढ़ती ठंड के बीच जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुँचाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बुजुर्गों को कंबल प्रदान किए गए, जबकि बच्चों को गर्म कपड़े, चप्पल, कॉपी-पेंसिल सहित अन्य उपयोगी सामग्री दी गई। इस अपनेपन से बुजुर्गों के चेहरों पर सुकून और बच्चों के चेहरों पर उत्साह साफ देखा गया। कई बच्चों ने मौके पर ही अपनी नई टोपी-स्वेटर पहनकर खुशी जाहिर की।

बताया कि आज के इस वितरण कार्यक्रम का लाभ सिर्फ संगबरिया गाँव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आस-पास के गाँवों से आए जरूरतमंद लोग भी इस अभियान से लाभान्वित हुए। इससे क्षेत्र में अभियान के प्रति सकारात्मक माहौल और भरोसा और मजबूत हुआ।

इस मानवीय पहल को सफल बनाने में लाल बहादुर शाह, साबिर अंसारी, यश राज, अनिल साह, रविंद्र पासवान, कंचन प्रसाद, अनिल कुमार, प्रिंस कुमार, राजकुमार, रघुराई राम, चंद्रिका प्रसाद एवं शंभू प्रसाद सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही। सभी ने सेवा-भाव से कार्यक्रम में सहभागिता निभाई और वितरण कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।

एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि यह अभियान केवल वस्त्र या सामग्री वितरण नहीं है, बल्कि समाज के सबसे कमजोर वर्गों के साथ खड़े होने का एक साझा प्रयास है। हमारा उद्देश्य है कि सर्दी के मौसम में कोई भी बच्चा, बुजुर्ग या जरूरतमंद परिवार खुद को अकेला या असहाय महसूस न करे। उन्होंने समाज के अन्य सक्षम नागरिकों से भी इस अभियान से जुड़ने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *