असहायों के बीच कंबल एवं खाद्य सामग्री का भी किया गया वितरण
अनुप सिंह
कांडी: प्रखंड अंतर्गत राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय के मैदान में रविवार को एक विशाल कैंसर जागरूकता सह निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। यह मानवतावादी पहल परमेश्वरी मेडिकल सेंटर और किरण सिंह मेमोरियल कैंसर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में की गई।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाना और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। इस दौरान ख्याति प्राप्त चिकित्सकों की टीम ने सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सैकड़ों मरीजों की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर में जेनरल फिजिशियन डॉ. ज्वाला प्रसाद सिंह, डॉ. मनीष कुमार सिंह, लैप्रोस्कोपी एवं जनरल सर्जन डॉ. कुमार निशांत सिंह, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतू सिंह और दंत चिकित्सक डॉ. यू. उत्कर्ष सिंह ने अपनी सेवाएं दीं। डॉक्टरों ने न केवल मरीजों का इलाज किया, बल्कि कैंसर के शुरुआती लक्षणों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। स्वास्थ्य लाभ के साथ-साथ इस शिविर में सामाजिक सरोकार की झलक भी देखने को मिली।
उपस्थित चिकित्सकों और अतिथियों द्वारा कड़ाके की ठंड को देखते हुए क्षेत्र के गरीब, असहाय और बुजुर्ग लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया। साथ ही सभी आगंतुकों के बीच खाद्य सामग्री भी बांटी गई।क्षेत्र के लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से गरीब मरीजों को घर के पास ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह मिल जाती है, जो अत्यंत सराहनीय है। शिविर की सफलता में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विद्यालय प्रबंधन का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पंकज कुमार, जिला परिषद सदस्य सुषमा देवी, मुखिया विजय राम, पूर्व पतरिया मुखिया चंचल कुमार समेत क्षेत्र के कई प्रबुद्ध नागरिक और भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।