गुप्ता ट्रेडर्स पर नियमों को ताक पर रखकर बालू डंपिंग का आरोप
रात के अंधेरे में ट्रैक्टरों से ढोया जा रहा बालू, ग्रामीण परेशान
कांडी: थाना क्षेत्र में इन दिनों बालू माफियाओं का बोल बाला है। यहाँ सरकारी नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए अवैध बालू का बड़ा कारोबार फल-फूल रहा है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार थाना क्षेत्र के राणाडीह क्षेत्र में गुप्ता ट्रेडर्स (प्रो. अजय गुप्ता) द्वारा सरकारी लाइसेंस (नंबर: J 041228502) का बोर्ड लगाकर उसकी आड़ में बड़े पैमाने पर अवैध बालू डंपिंग की गई है। मिली जानकारी के अनुसार यह स्टॉक यार्ड जो बनाया गया है इसमें सरकारी बालू घाटों से बालू मंगाकर स्टॉक करना है, लेकिन रात के अंधेरे में कोयल नदी से अवैध बालू खनन कर ट्रैक्टर के माध्यम से लाकर लगभग सैकड़ो ट्रैक्टर बालू स्टॉक किया गया है।
बाद में डंप किए गए बालू को ऊंचे दामों पर बाजार में खपाया जा सकता है। यह पूरा खेल सरकारी नियमों को ताक पर रखकर खेला जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्ग से सटे होने के बावजूद भी स्थानीय प्रशासन और खनन विभाग की चुप्पी कई सवाल खड़ा कर रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि विभाग जानबूझकर इस अवैध बालू डंप की ओर से आंखें मूंदे बैठी है।
कार्रवाई की मांग
परेशान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खनन विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि उक्त लाइसेंस की वैधता की जांच की जाए, और तत्काल अवैध तरीके से बालू भंडारण को रुकवाया जाए। क्योंकि इससे राजस्व को भारी नुकसान पहुंच रहा है। जबकि इसके बारे में स्थानीय पदाधिकारी एवं जिला के पदाधिकारी भी जानते हैं। और कार्रवाई नहीं हो रही है। जब की कोयल नदी क्षेत्र के विभिन्न घाटों से रात में अवैध तरीके से बालू की ढुलाई जा रही है। वहीं क्षेत्र में नित्य दिन अवैध तरीके से बालू खनन किया जा रहा है।
इस संबंध में पूछे जाने पर जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव ने कहा कि स्टॉक के जांच किया जाएगा,अगर अवैध तरीके से स्टॉक यार्ड में बालू पाया जाता है, तो जांच कर उचित कार्रवाई किया जाएगा। और अवैध तरीके से हो रही ढुलाई पर भी रोक लगाई जाएगी।