सुशासन सप्ताह (Good Governance Week) 2025 के अवसर पर कार्यशाला का आयोजन
दिनांक 19 दिसम्बर से 25 दिसम्बर, 2025 तक सुशासन सप्ताह के तहत हो रहा शिविरों का आयोजन
ग्रामीण जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सुशासन सप्ताह की जनजागरूकता हेतु जिला प्रशासन की अपील
अनुप सिंह
गढ़वा:भारत सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में सुशासन सप्ताह (Good Governance Week) 2025 के अवसर पर जिले में “प्रशासन गाँव की ओर” अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। यह अभियान दिनांक 19 दिसंबर से 25 दिसंबर 2025 तक जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में संचालित किया जा रहा है। सुशासन सप्ताह (“प्रशासन गाँव की ओर”) का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों के विभिन्न समस्याओं का निराकरण उनके अपने प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन करते हुए करना है। इसी क्रम में जिला स्तर के विभिन्न पदाधिकारियों के साथ आज समाहरणालय के सभाकक्ष में उपायुक्त दिनेश यादव की अध्यक्षता में सुशासन सप्ताह (Good Governance Week) के तहत कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें अभियान के तहत आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान, लोक शिकायत निवारण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने तथा सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता एवं पहुँच में सुधार लाने के विषय पर विस्तृत चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण निदेश दिये गयें।
इस मौके पर उपायुक्त श्री यादव ने कहा कि सुशासन सप्ताह के तहत आयोजित शिविर पूर्व में भी विभिन्न प्रथा/नाम के साथ आयोजित किए जाते रहे हैं, जिसमें सरकार आपके द्वारा, आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार, प्रशासन आपके द्वार तथा जिला एवं प्रखंड स्तर पर चलाए जा रहे जनसुनवाई जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उपरोक्त सभी आयोजनों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को उनके द्वार पर ही प्रशासनिक सेवाएँ उपलब्ध कराना है एवं सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण जन कल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर योग्य के लाभुकों तक पहुंचाना है।
कार्याशाला में पिछले 05 वर्षों के दौरान जिले में अपनाई गयी सुशासन प्रथाओं/पहल पर यथा- सार्वजनिक सेवा वितरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, शिकायत निवारण, सार्वजनिक कार्य आदि क्षेत्रों में प्रमुख बिन्दु रहें। इसके तहत किये गये कार्य/योजना का लघु फिल्मस (02-05 मिनट), स्टोरी, फोटोग्राफ, वितरण किये जाने प्रमाण पत्र, योजना की सफलता की कहानी आदि का प्रर्दशन किया गया। उक्त मौके पर उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा एवं अपर समाहर्ता राज महेश्वरम द्वारा दुग्ध उत्पादन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रमाण पत्र देते हुए सम्मानित किया गया। इस मौके पर खरौँधी दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति खरौँधी के राधेश्याम यादव, बरवाडीह दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति चिनियाँ के सरोज कुमारी एवं कंचनपुर दुग्ध उत्पादक सहयोग समिति रंका के निशांत ओझा को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
विदित हो कि सुशासन सप्ताह 2025 के तहत शिविरों का आयोजन प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर दिनांक 19 दिसंबर 2025 से 25 दिसंबर 2025 तक आयोजित किया जा रहे हैं। फलस्वरुप जिला प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारी एवं आम जनों से इसके ज्यादा से ज्यादा प्रचार प्रसार करने की अपील की है ताकि सभी जरूरतमंद एवं योग्य व्यक्तियों तक सरकार के विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सके एवं उनके विभिन्न समस्याओं का समाधान सुलभ तरीके से उनके ही प्रखंड व पंचायत स्तर पर जिला प्रशासन के द्वारा समाधान कराया जा सके। इसके पूर्व उपायुक्त श्री यादव ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को भी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को प्रभावी बनाने एवं इसके समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके तहत पंचायत स्तर पर तिथि-वार शिविरों का निर्धारण कर संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी की है।
उक्त कार्यशाला के दौरान उपरोक्त पदाधिकारियों के अतिरिक्त अनुमंडल पदाधिकारी श्री बंशीधर नगर प्रभाकर मिर्धा, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश, जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रमेश कुशवाहा, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद गढ़वा सुशील कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी देवानंद राम समेत जिला स्तरीय अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थें।