6 Feb 2026, Fri

एसडीएम ने गेरुआ धान अधिप्राप्ति केंद्र का किया निरीक्षण,विसंगतियां दूर करने का दिया निर्देश

शेयर करें

अनुप सिंह

गढ़वा: सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने मंगलवार को मेराल प्रखंड अंतर्गत गेरुआ धान अधिप्राप्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां प्रथम दृष्टया कुछ विसंगतियां सामने आईं।

मौके पर 2000 क्विंटल से अधिक धान का भौतिक स्टॉक पाया गया, जबकि अधिप्राप्ति केंद्र के रजिस्टर में मात्र लगभग 800 क्विंटल धान का ही विवरण अंकित था। भौतिक सत्यापन और अभिलेखीय प्रविष्टियों के बीच इस भारी अंतर को गंभीर मानते हुए एसडीएम ने नाराजगी जताई साथ ही पैक्स अध्यक्ष को तत्काल सभी विसंगतियों को दूर करने का निर्देश देते हुये कहा कि धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया को लेकर पूरी पारदर्शिता रखना सुनिश्चित करेंगे।

एसडीएम ने स्पष्ट शब्दों में अनुमंडल क्षेत्र के सभी पैक्स से अपील की कि किसानों का हित सर्वोपरि है और धान अधिप्राप्ति की यह व्यवस्था वास्तविक किसानों के लिए है न कि व्यापारियों और जमाखोरों के लिए। इसलिए जो किसान धान बेच रहे हैं उन किसानों की पूर्ण विवरणी संधारित रखना जरूरी है साथ ही जितनी धान खरीदी गई उतना ही स्टॉक गोदाम में मिलना चाहिए। उक्त केंद्र पर प्रतिनियुक्त जनसेवक भी अनुपस्थित मिले।

मौके पर धान लेकर पहुंचे किसानों से भी उन्होंने वार्ता की तथा किसानों को भी उनके अधिकारों के बारे में बताया। हालांकि किसी किसान ने इस पैक्स अध्यक्ष के विरुद्ध असंतोष व्यक्त नहीं किया।

सभी पैक्स में पारदर्शिता एवं प्रबंधन दुरुस्त रखने हेतु समुचित निगरानी रखने के लिए जिला सहकारिता पदाधिकारी को भी मौके से ही बोला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *