6 Feb 2026, Fri

बाल काटने वाले हेयर ड्रेसरों के साथ एसडीएम ने किया संवाद, सम्मान और सामाजिक भूमिका पर चर्चा

शेयर करें

“कॉफी विद एसडीएम” में बुधवार को मेहमान बने सैलून संचालक

बाल काटने की दुकानें, सामाजिक संपर्क और संवाद का केंद्र : एसडीएम

अनुप सिंह

गढ़वा: सदर एसडीएम संजय कुमार द्वारा चलाए जा रहे सप्ताहिक ‘कॉफी विद एसडीएम’ कार्यक्रम के अंतर्गत आज गढ़वा अनुमंडल क्षेत्र के सैलून संचालकों एवं हेयर ड्रेसरों के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में संवाद आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में गढ़वा क्षेत्र के सैलून संचालकों एवं हेयर ड्रेसरों ने भाग लिया, जिनमें से अधिकांश सदस्य नाई समुदाय से थे।

कार्यक्रम के दौरान एसडीएम संजय कुमार ने सभी सैलून संचालकों का स्वागत करते हुए कहा कि नाई समुदाय सदियों से सामाजिक क्रियाकलापों का अभिन्न हिस्सा रहा है। उनका कार्य बाल कटाने तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक संवाद, जनभावनाओं और स्थानीय गतिविधियों से सीधे जुड़ा रहता है।

बाल काटने की दुकानें, सामाजिक संपर्क का केंद्र

एसडीएम ने कहा कि हेयर सैलून ऐसे स्थान होते हैं, जहां समाज के हर वर्ग के लोग रोजाना आते-जाते हैं। ऐसे में सैलून संचालक समाज की नब्ज को समझते हैं और कई बार अनजाने में सामाजिक काउंसलर की भूमिका भी निभाते हैं। उन्होंने सैलून संचालकों से आग्रह किया कि वे अपने कार्यस्थल को स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक सोच का केंद्र बनाएं।

रखी समस्याएं, दिए सुझाव

उपस्थित सदस्यों ने एसडीएम के समक्ष कई समस्याएं और सुझाव भी रखे। मांग रखी गई की कौशल उन्नयन योजना के तहत नाइयों और हेयर ड्रेसर ट्रेड से जुड़े युवाओं को भी कौशल प्रशिक्षण दिया जाए। ई-श्रम कार्ड मुहैया कराने का भी अनुरोध किया गया। व्यवसाय आगे बढ़ाने के लिए सुलभ और कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने का अनुरोध भी सदस्यों द्वारा किया गया। वहीं शिकायत के तौर पर ज्यादातर सदस्यों ने बताया कि नगर परिषद की दुकान आवंटन प्रक्रिया में धांधली हुई है इसलिए उन्हें दुकान नहीं मिल पाई। कुछ सदस्यों ने रंका मोड़ पर ठेले वालों के द्वारा गंदगी फैलाने की शिकायत की। एसडीएम ने सभी की शिकायतों को सुनकर आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों और सुझावों पर यथा संभव पहल की जाएगी।

कानून व्यवस्था संधारण में मददगार बनें सैलून

एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि सैलून संचालक प्रतिदिन बड़ी संख्या में हर प्रकार के लोगों के संपर्क में रहते हैं। यदि उन्हें कहीं भी किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी मिलती है, तो वे निडर होकर प्रशासन को सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य सबसे बड़ा निवेश

कार्यक्रम में एसडीएम ने सैलून संचालकों से अपने बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने का भावनात्मक आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मेहनत और ईमानदारी के साथ यदि शिक्षा को जोड़ा जाए, तो आने वाली पीढ़ी बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकती है।

सम्मान और अपनत्व के साथ हुआ संवाद

पूरे कार्यक्रम के दौरान माहौल पूरी तरह सौहार्दपूर्ण और आत्मीय रहा। सैलून संचालकों ने भी अपने अनुभव साझा किए और “कॉफ़ी विद एसडीएम” मंच की सराहना की। इस कार्यक्रम ने प्रशासन और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भरोसे और संवाद को और मजबूत किया।

बैठक में विजय ठाकुर, गुप्तेश्वर ठाकुर, संजय ठाकुर, धर्मेंद्र ठाकुर, दीपक ठाकुर, मटुक बिहारी ठाकुर, उदय ठाकुर, विनोद ठाकुर, संजीव कुमार ठाकुर, गुलाब ठाकुर, आदित्य,गुप्तेश्वर ठाकुर, रमेश ठाकुर, मोनू ठाकुर, संतोष ठाकुर, नंदू ठाकुर, मनोज ठाकुर आदि ने अपने विचार रखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *