लगमा–खजूरी क्षेत्र में प्रवासी मजदूरों के बच्चों और बुजुर्गों के बीच बाँटी गई गर्माहटें
अनुप सिंह
गढ़वा: सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की पहल पर सामाजिक–प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान मंगलवार को अपने 31वें दिन भी निरंतर जारी रहा। आज यह मानवीय पहल लगमा–खजूरी क्षेत्र में प्रवासी मजदूरों की बस्तियों तक पहुँची, जहाँ बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक जरूरतमंदों के बीच खुशियाँ बाँटने का प्रयास किया गया।
अभियान के तहत प्रवासी मजदूर परिवारों के बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को गर्म कपड़े, ऊनी वस्त्र एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। ठंड के मौसम में मिली इस सहायता से लाभार्थियों में राहत और संतोष स्पष्ट रूप से देखा गया। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और बुजुर्गों की आँखों में आभार इस अभियान की संवेदनशीलता को दर्शा रहा था।
इस अवसर पर पंकज चौबे, कमल किशोर चौबे, रविंद्र पासवान, कंचन प्रसाद, प्रिंस कुमार, अर्जुन चौबे, लव कुमार कुशवाहा सहित कई स्थानीय नागरिकगण उपस्थित रहे और उन्होंने अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
बताया गया कि यह अभियान 30 नवंबर से लगातार चल रहा है और अब तक दर्जनों वंचित, दलित, महादलित, जनजातीय तथा प्रवासी मजदूर बस्तियों में हजारों जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाई जा चुकी है। प्रशासन, समाजसेवियों, दानदाताओं और स्थानीय नागरिकों के सामूहिक प्रयास से यह नेक कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि, यह अभियान केवल वस्त्र वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सबसे कमजोर वर्गों तक संवेदना और सम्मान पहुँचाने का प्रयास है। जब समाज और प्रशासन साथ मिलकर काम करते हैं, तभी वास्तविक बदलाव संभव होता है।