गढ़वा: सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की पहल पर सामाजिक–प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान अपने 32वें दिन भी निरंतर जारी रहा। वर्ष 2025 की आखिरी दिन यानि आज बुधवार को यह अभियान मेराल स्टेशन के निकट रेल पटरी के बगल में बसी मलिन बस्ती संजयपुरी में चलाया गया, जहाँ बस्ती के प्रत्येक घर के सदस्यों तक किसी न किसी रूप में राहत सामग्री पहुँचाने का प्रयास किया गया।
अभियान के दौरान बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उनकी आवश्यकता के अनुसार गर्म कपड़े, शॉल, चप्पल एवं अन्य उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराई गई। ठंड के इस मौसम में रेल पटरी के किनारे असुरक्षित परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे परिवारों के लिए यह सहायता अत्यंत उपयोगी सिद्ध हुई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहली बार किसी अभियान के तहत पूरी बस्ती को प्राथमिकता देकर हर परिवार तक पहुँचने का प्रयास किया गया, जिससे लोगों में सम्मान और अपनत्व की भावना उत्पन्न हुई। बच्चों के चेहरों पर खुशी और बुजुर्गों की आँखों में संतोष अभियान की मानवीय भावना को दर्शा रहा था।
टीम के सदस्यों ने जानकारी दी कि यह अभियान पिछले एक महीने से अधिक समय से लगातार विभिन्न वंचित, दलित, महादलित, जनजातीय, प्रवासी मजदूर एवं मलिन बस्तियों में संचालित किया जा रहा है। प्रशासन, सामाजिक संगठनों, दानदाताओं एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से हजारों जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाई जा चुकी है।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि, हमारा प्रयास है कि समाज का कोई भी वर्ग, चाहे वह रेल पटरी के किनारे ही क्यों न रहता हो, ठंड के मौसम में स्वयं को उपेक्षित न महसूस करे। यह अभियान समाज और प्रशासन की साझा संवेदनशीलता का प्रतीक है।
आज के वितरण कार्यक्रम में रविंद्र पासवान, कंचन प्रसाद, रमेश प्रसाद, संजय राम आदि की प्रमुख भूमिका रही।