“आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान निरंतर जारी,वीरबंधा उरांव टोला में जरूरतमंद परिवारों तक पहुँचे गर्म कपड़े
अनुप सिंह
गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की देखरेख में संचालित मानवीय पहल *“आइये खुशियाँ बाँटें”* अभियान आज 37वें दिन भी लगातार जारी रहा। अभियान के तहत आज वीरबंधा क्षेत्र के उरांव टोला में पहुँचकर जरूरतमंद परिवारों के बीच गर्म वस्त्र एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया।
आज के कार्यक्रम में उरांव टोला के बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को उनकी आवश्यकता के अनुसार स्वेटर, जैकेट, शॉल, कंबल, टोपी, मोज़े सहित अन्य ऊनी वस्त्र उपलब्ध कराए गए। कुछ बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को जरूरत अनुसार चप्पल-जूता भी प्रदान किए गए। ठंड के इस मौसम में राहत सामग्री पाकर लाभुक परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष देखने को मिला।
उल्लेखनीय है कि यह अभियान बीते 37 दिनों से निरंतर गढ़वा अनुमंडल की विभिन्न वंचित, आदिवासी, दलित, महादलित, अल्पसंख्यक एवं श्रमिक बस्तियों में संचालित किया जा रहा है। प्रशासनिक पहल के साथ-साथ समाज के सजग नागरिकों, स्वयंसेवकों एवं दानदाताओं के सहयोग से यह अभियान सामाजिक सहभागिता का मजबूत उदाहरण बन चुका है।
एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि यह संयुक्त अभियान इस बात का उदाहरण है कि प्रशासन और समाज जब साथ खड़े हो जाएं तो परिणाम कई गुना बड़े हो जाते हैं। इस मुहिम में अनुमंडल प्रशासन महज माध्यम बना, असली शक्ति तो समाज की सक्रिय सहभागिता रही, जिसने इस मुहिम को जन–आंदोलन का रूप दे दिया।
कहा कि सर्द हवाओं के बीच दूर-दराज और वंचित बस्तियों के लोगों के लिए “आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान सम्मान के साथ गर्माहट बनकर सामने आ रहा है।