कांडी: थाना क्षेत्र के चेचरिया गांव में खेती चराने से मना करने की पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। जिसमें एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के बाद पीड़ित परिवार दहशत में हैं ,और पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मारपीट में घायलों की पहचान रंजन कुमार उपाध्याय उर्फ पप्पु और उनके दो नाबालिग बेटों – रिशु उपाध्याय व हिमांशु उपाध्याय के रूप में हुई है। घटना से दो दिन पहले पप्पु उपाध्याय के सरसों के खेत में मवेशी घुसाकर चराए गए थे। जब रिशु और हिमांशु ने उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो उसी दिन नोकझोंक हुई थी।
मिली जानकारी के अनुसार हमला और लूट शिकायत के अनुसार रंजिश के चलते घटना के दिन शाम को गांव के बाहर रिशु और हिमांशु को देखकर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और गले से सोने की चैन छीन ली। इसके बाद आरोपियों ने देर शाम उनके घर में घुसकर पिता पप्पु उपाध्याय पर भी हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घायल रंजन कुमार उपाध्याय के पिता कृष्ण देव उपाध्याय ने इस मामले में कांडी थाना में सात लोगों के विरुद्ध नामजद आवेदन दिया है। आरोपियों में विंध्याचल उपाध्याय, उनके दो पुत्र (रोहित व राहुल), नरेंद्र उपाध्याय, उनके पुत्र रंजन कुमार उपाध्याय, अभय उपाध्याय और मुखराम तिवारी शामिल हैं।
कांडी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इधर पीड़ित परिवार ने अपनी जानमाल की रक्षा के लिए पुलिस के वरीय अधिकारियों से भी गुहार लगाई है।