5 Feb 2026, Thu

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क दो वर्षों से अधूरी, धूल से परेशान ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

शेयर करें

अनुप सिंह

धुरकी: राज्य संपोषित विकास योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत कालीकरण पथ का निर्माण कार्य पिछले दो वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। यह सड़क दो भागों में बनाई जा रही है। पहला भाग बउली शिवान से हुसैनी सिंह के घर तक तथा दूसरा भाग हुसैनी सिंह के घर से गनियारी कला होते हुए टाटीदीरी तक प्रस्तावित है। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना था, लेकिन निर्माण एजेंसी और संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण यह सड़क आज भी अधूरी है।

सड़क निर्माण कार्य अधूरा रहने से ग्रामीणों को रोजमर्रा की जिंदगी में गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कालीकरण नहीं होने के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही से भारी मात्रा में धूल उड़ती है, जिससे आसपास के गांवों का वातावरण प्रदूषित हो गया है। उड़ती धूल से लोगों को सांस संबंधी बीमारियां, आंखों में जलन और एलर्जी की समस्या बढ़ती जा रही है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि संवेदक द्वारा केवल घटिया मेटल बिछाकर छोड़ दिया गया है।बरसात के मौसम में यही सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है।

एंबुलेंस, स्कूल वाहन और कृषि कार्यों में उपयोग होने वाले साधनों का आना-जाना बाधित हो जाता है। कई बार आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी दिक्कतें आती हैं।

ग्रामीणों में राजेश्वर सिंह, लाल बिहारी सिंह, सुशील सिंह, गिरवर कुमार, सुनील मेहता गोविंद सिंह, आदित्य सिंह मनीता देवी, लक्ष्मीनिया देवी, अनीता देवी, सुनीता देवी, सीधी सिंह, चिंटू कुमार सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाते हुए बताया कि सड़क निर्माण को लेकर कई बार संबंधित विभाग, संवेदक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। कार्य शुरू कर छोड़ देने से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इसके तहत सड़क जाम, धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और सरकार से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निर्माण एजेंसी पर कार्रवाई की जाए और अविलंब सड़क का कालीकरण कार्य पूरा कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके और योजना का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *