5 Feb 2026, Thu

प्रखंड के एक विद्यालय में गंभीर लापरवाही, 43 छात्र आठवीं बोर्ड परीक्षा से हुए वंचित

शेयर करें

अनुप सिंह

बरडीहा: प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय, आदर में प्रधानाध्यापक की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। गढ़वा एमडीएम सेल एवं जिला शिक्षा अधीक्षक, गढ़वा द्वारा जारी पत्र में इस संबंध में जानकारी दी गई है।

पत्र के अनुसार विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री कपिल देव मेहता द्वारा कक्षा 8 के विद्यार्थियों का जैक पोर्टल पर आठवीं बोर्ड परीक्षा हेतु पंजीकरण समय पर नहीं कराया गया। कुल नामांकित विद्यार्थियों में से केवल 61 छात्रों का ही रजिस्ट्रेशन किया गया, जबकि शेष 43 विद्यार्थियों का पंजीकरण अंतिम तिथि समाप्त होने तक नहीं किया गया। जैक द्वारा निर्धारित अंतिम तिथि समाप्त हो जाने के कारण 43 विद्यार्थी परीक्षा से वंचित हो गए।

इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी, गढ़वा के निर्देशानुसार श्री कपिल देव मेहता को प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद से मुक्त कर दिया गया है। उनके स्थान पर विद्यालय में कार्यरत शिक्षक श्री प्रवीण कुमार को प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में प्राधिकृत किया गया है।

आदेश में यह भी निर्देश दिया गया है कि श्री मेहता 24 घंटे के भीतर विद्यालय का संपूर्ण प्रभार श्री प्रवीण कुमार को सौंपते हुए अधोहस्ताक्षरी को इसकी सूचना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही श्री मेहता से स्पष्टीकरण मांगा गया है कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने के आरोप में उनके विरुद्ध निलंबन सहित विभागीय कार्रवाई क्यों न की जाए। तत्क्षण प्रभाव से उनका वेतन भी स्थगित कर दिया गया है।

यह मामला शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही और छात्रों के भविष्य के साथ हुए गंभीर अन्याय को उजागर करता है।

अब लोगों में चर्चा बना हुआ है कि शिक्षक द्वारा इस से लापरवाही किया गया, और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया, लेकिन ऐसे कारवाई से क्या छात्रों न्याय मिला है? उन लोगों को एक वर्ष के पढ़ाई पर पुरा असर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *