गढ़वा: इन दिनों सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक अब कानून तोड़ने तक पहुंचता जा रहा है। झारखंड के पलामू जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है, जिसमें एक युवक और युवती कार के बोनट पर बैठकर हथियार लहराते नजर आ रहे हैं।
गाड़ी के बोनट पर बैठकर हथियार लहराने वाले युवक-युवती को यह हरकत महंगी पड़ गई। इस वायरल वीडियो पर झारखंड के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने कड़ा संज्ञान लिया है। मंत्री ने पलामू जिले के उपायुक्त (डीसी) को तुरंत कार्रवाई करने और रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। दीपक बिरुआ ने इस मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आज के युवाओं को न कानून का डर है और न ही नियमों की परवाह। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर युवाओं को हो क्या गया है। मंत्री ने वीडियो में नजर आ रही युवती को लेकर भी टिप्पणी की और कहा कि उसे अपने संस्कारों के बारे में जरूर सोचना चाहिए।