3 Mar 2026, Tue

होली एवं रमजान त्यौहार में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर दोनों थाना क्षेत्र में प्रशासन के द्वारा निकाला गया फ्लैग मार्च

शेयर करें

अनुप सिंह

मझिआंव/ बरडीहा:- होली एवं रमजान जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील त्यौहारों के मद्देनज़र क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु मझिआंव एवं बरडीहा थाना क्षेत्र में प्रशासन के द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस निरीक्षक बृज कुमार के निर्देशन में आगामी होली और पवित्र माह रमजान को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस कप्तान के निर्देश पर यह पहल की गई।

फ्लैग मार्च में पुलिस निरीक्षक बृज कुमार,थाना प्रभारी ओम प्रकाश टोप्पो, थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, एस आई चंदन प्रधान,धर्मेंद्र कुमार, मृत्युंजय कुमार राय, एएसआई आलोक कुमार, रणवीर प्रसाद, संतोष कुमार, आनंद मिंज सहित पुलिस पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे।

सुरक्षा बलों ने नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों तथा संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजनो से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि,अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट साझा न करने की भी हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों का उद्देश्य आपसी प्रेम,सौहार्द और एकता को बढ़ावा देना है, इसलिए सभी नागरिक जिम्मेदारीपूर्वक अपने-अपने पर्व मनाएं।

फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया और आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। पुलिस बल को चौकसी बढ़ाने, रात्रि गश्त तेज करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन की इस पहल से आमजन में विश्वास का माहौल बना है। स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। यह फ्लैग मार्च समाज में शांति, सौहार्द और भाईचारे का सकारात्मक संदेश देने में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *