17 Feb 2026, Tue

गढ़वा मंडल कारा में मनाया गया योग दिवस :बंदियों ने बढ़-चढ़कर लिया भाग

शेयर करें

अनुप सिंह

“योग से सकारात्मक बदलाव” की भावना के उद्देश्य से गढ़वा मंडल कारा में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी सह जेल अधीक्षक संजय कुमार ने की। इस विशेष आयोजन में जेल कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में बंदियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सुबह 7:00 बजे से प्रारंभ हुए योग सत्र में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम और ध्यान अभ्यास किया। इस योग सत्र का संचालन आर्ट ऑफ़ लिविंग के अनुभवी योग प्रशिक्षक प्रमोद कुमार सिंह द्वारा किया गया, जिन्होंने बंदियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आत्मिक लाभों के बारे में बताया।

श्री संजय कुमार ने जेल कर्मियों एवं बंदियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि आत्म-संवर्धन का माध्यम है, जेल प्रशासन का उद्देश्य केवल बंदियों की निगरानी के साथ साथ उनके जीवन में सकारात्मक और सुधारात्मक परिवर्तन लाना भी है। योग इसमें एक प्रभावशाली माध्यम बन सकता है।

कार्यक्रम के दौरान बंदियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। एक बंदी ने कहा कि योग करके मन को अजीब सी शांति मिली है।

इस आयोजन का उद्देश्य बंदियों के मानसिक तनाव को कम करना, उनके मन में आत्मसंयम की भावना विकसित करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में पुनः जोड़ने की दिशा में एक रचनात्मक प्रयास करना था।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को योग को जीवनशैली में शामिल करने की शपथ दिलाई गई।

इस दौरान कारापाल मेहशाद आलम, योग प्रशिक्षिका आयुषी के अलावा जेलकर्मी एवं बंदी जन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *