कांडी: थाना क्षेत्र में एक सराहनीय मिसाल पेश करते हुए पुलिस ने एक विक्षिप्त महिला को उसके परिजनों से मिलाने में सफलता हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार की शाम करीब 6:30 बजे चोराटी पहाड़ के पास एक महिला संदिग्ध अवस्था में पाई गई, जो ठीक से बोल नहीं पा रही थी। महिला के पास एक थैला मिला, जिस पर ‘पांकी बाजार’ लिखा था। इस आधार पर कांडी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पांकी थाना से संपर्क साधा। पांकी पुलिस के सहयोग से महिला की पहचान परमिला देवी, पति विनेश उरांव, निवासी शिंजुआ, थाना पांकी, जिला पलामू के रूप में की गई। महिला के पुत्र बैजनाथ उरांव ने बताया कि उनकी मां करीब 6 माह पूर्व लापता हो गई थीं, जिसकी रिपोर्ट पांकी थाना में दर्ज कराई गई थी। शनिवार को कांडी पुलिस द्वारा महिला को उनके पुत्र के सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्य को लेकर परिजनों में खुशी की लहर है, वहीं स्थानीय लोगों ने कांडी पुलिस की सक्रियता और मानवता भरे कदम की जमकर प्रशंसा की है।