गढ़वा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की नियमित साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम “कॉफ़ी विद एसडीएम” का इस सप्ताह गुरुवार, 23 अक्टूबर को पूर्वाह्न 11 बजे से आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम एसडीएम कार्यालय, गढ़वा में आयोजित होगा।
इस साप्ताहिक संवाद कार्यक्रम के तहत इस बार कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) एवं प्रज्ञा केंद्र संचालकों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन और इन सेवा केंद्रों के बीच समन्वय एवं संवाद को सुदृढ़ करना है, ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आम नागरिकों तक अधिक प्रभावी ढंग से ससमय पहुँच सके।
एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि संवाद के दौरान प्रज्ञा केंद्र संचालकों से उनकी कार्यप्रणाली, समस्याओं एवं सुधार के सुझावों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सीएससी और प्रज्ञा केंद्र सरकारी योजनाओं को जनता तक ई-गवर्नेंस के माध्यम से पहुँचाने की सबसे अहम कड़ी हैं। इन केंद्रों के माध्यम से प्रशासनिक सेवाएँ गाँव-गाँव तक पहुँच रही हैं, इसलिए इनकी कार्यक्षमता और पारदर्शिता बढ़ाना हमारी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में आधार, पेंशन, प्रमाणपत्र निर्गमन, सरकारी योजनाओं की ऑनलाइन सेवाएँ तथा डिजिटल भुगतान प्रणाली जैसे विषयों पर विमर्श होगा।
साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएससी संचालकों की खोज कर उन्हें प्रोत्साहित भी किये जाने की योजना है।
एसडीएम ने सभी प्रज्ञा केंद्र/ सीएससी संचालकों से अपील की कि वे निर्धारित समय पर स्वैच्छिक रूप से उपस्थित रह सकते हैं इससे इस संवाद, विमर्श और फीडबैक में उनकी सहभागिता सुनिश्चित होगी।
संजय कुमार बताया कि यह कार्यक्रम सामान्यतया बुधवार को होता है किंतु अपरिहार्य कारण से इस बार यह गुरुवार को आयोजित हो रहा है।