24 Apr 2026, Fri

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गढ़वा में “जल महोत्सव पखवाड़ा” का भव्य शुभारंभ

शेयर करें

अनुप सिंह

गढ़वा: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर 8 मार्च दिन रविवार को गढ़वा जिले में “जल महोत्सव पखवाड़ा” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार तथा पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल गढ़वा के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

यह कार्यक्रम गढ़वा के रामा साहू आउटडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से जलसहिया दीदी, समाज कल्याण विभाग से आंगनवाड़ी सेविका एवं सहायिका, तथा JSLPS से स्वयं सहायता समूह (SHG) की दीदियाँ प्रतिभागी के रूप में उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता तथा समुदाय में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिलाओं के कार्यों को विशेष रूप से सराहा गया। इसी क्रम में पेयजल एवं स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 जलसहिया दीदियों तथा URSUGI पंचायत की मुखिया को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया।

अधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। गांव-गांव में जलसहिया दीदियों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने लोगों को स्वच्छ पानी के उपयोग, जल संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने में उल्लेखनीय कार्य किया है।

“जल महोत्सव पखवाड़ा” का आयोजन 8 मार्च से 22 मार्च 2026 तक गढ़वा जिले के विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा। इस दौरान जल संरक्षण, सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता तथा जल प्रबंधन से जुड़े विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, जनसंवाद, रैलियां एवं अन्य गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, ताकि आमजन में जल के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के पावन अवसर पर शुरू हुआ यह पखवाड़ा जल संरक्षण और महिलाओं के सशक्तिकरण के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *