10 Dec 2025, Wed

संविधान दिवस के पूर्व प्री-प्रोग्राम का आयोजन, विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाओं ने बिखेरे रंग

शेयर करें

केन्द्रीय संचार ब्यूरो के कार्यक्रम में विद्यार्थियों के रचनात्मकता का संगम

छात्र-छात्राओं ने रंगोली, पेंटिंग, क्विज और भाषण में दिखाया कमाल


दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी 26 से

पलामू निवासी संविधान सभा के सदस्य के परिवारजन एवं जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों को किया जायेगा सम्मानित

केन्द्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, डालटनगंज की ओर से कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरो रिपोर्ट

केन्द्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय डालटनगंज द्वारा आज गिरिवर प्लस टू उच्च विद्यालय, मेदिनीनगर (पलामू) में संविधान दिवस 2025, जनजातीय गौरव दिवस तथा पर्यावरण जागरूकता आधारित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम के उपलक्ष्य में रंगोली प्रतियोगिता, क्विज़, भाषण एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संविधान निर्माताओं के योगदान को स्मरण करना, जनजातीय समुदायों की गौरवशाली परंपराओं एवं विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा छात्रों में पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा जगाना रहा है। विद्यालय परिसर पूरे दिन छात्र-छात्राओं के उत्साह, उनकी रचनात्मकता और देशभक्ति के रंगों से सराबोर रहा।

रंगोली प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने संविधान की मूल भावना, जनजातीय संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण पर आधारित थीमों को आकर्षक रंगों के माध्यम से जीवंत किया। छात्र-छात्राओं ने सामूहिक भागीदारी से रंगोली बनाते दिखीं। किसी ने अंबेडकर के चित्र में रंग भरे, तो किसी ने संविधान दिवस को लेकर आकर्षक आकृतियां बनाई।

क्विज़ प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने भारतीय संविधान, स्वतंत्रता संग्राम, जनजातीय नायकों आदि से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के उत्तर उत्साहपूर्वक दिए। क्विज़ के दौरान छात्रों में अद्भुत प्रतिस्पर्धा और ज्ञान के प्रति जिज्ञासा देखने को मिली।

भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने संविधान की मूल संरचना, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों सहित अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं की अभिव्यक्ति क्षमता और तर्कपूर्ण प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया।


पेंटिंग प्रतियोगिता में संविधान दिवस, जनजातीय गौरव दिवस, एक पेड़ माँ के नाम विषय को छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाशीलता और संवेदनशीलता के साथ उकेरा। पेंटिंग के माध्यम से प्रकृति, मातृत्व और पर्यावरण संरक्षण के संदेश दिए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। *केन्द्रीय संचार ब्यूरो के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी गौरव कुमार पुष्कर* ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें संविधान के मूल्यों के प्रति समर्पित रहने, जनजातीय विरासत का सम्मान करने तथा पर्यावरण संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रचार्य नीरज दिवेदी एवं क्षेत्रीय प्रचार सहायक मनोज कुमार ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और ऐसे कार्यक्रमों में बढ़चढ़कर भाग लेने की सीख दी।


चित्र प्रदर्शनी, जागरूकता रैली एवं अन्य कार्यक्रम 26 को

संविधान दिवस 2025, जनजातीय गौरव दिवस एवं एक पेड़ मां के नाम आदि तहत गिरिवर प्लस टू उच्च विद्यालय, मेदिनीनगर में 26 एवं 27 नवंबर 2025 को चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम के तहत 26 नवंबर 2025 को जागरूकता रैली, प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं एक पेड़ मॉ के नाम पर पौधरोपण का कार्यक्रम होगा। सभी कार्यक्रम गिरिवर प्लस टू उच्च विद्यालय से संपन्न होंगे। कार्यक्रम के तहत संविधान सभा के सदस्य के परिवारजन एवं जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारजनों को सम्मानित किया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *