गढ़वा पंचायत समिति प्रमुख का चुनाव 8 जनवरी, जबकि कांडी का 19 जनवरी को
अनुप सिंह
गढ़वा: गढ़वा सदर प्रखंड एवं कांडी प्रखंड में प्रमुख पद की चल रही रिक्ति के विरुद्ध दोनों प्रखंडों में पंचायत समिति के प्रमुख पद के अप्रत्यक्ष निर्वाचन हेतु कार्यक्रम तय कर दिया गया है। इन दोनों प्रखंडों के प्रमुख पद के चुनाव के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार को अध्यक्ष-सह-निर्वाची पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
गढ़वा सदर प्रखंड प्रमुख निर्वाचन के लिए गढ़वा सीओ मोहम्मद सफी आलम को सहायक निर्वाची पदाधिकारी नामित किया गया है, जबकि कांडी प्रखंड के लिए अंचल अधिकारी कांडी राकेश सहाय सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में कार्य करेंगे।
निर्वाची पदाधिकारी सह सदर एसडीएम संजय कुमार ने बताया कि पंचायत समिति, गढ़वा सदर के प्रमुख पद के चुनाव हेतु बैठक की तिथि 8 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है, जिसकी सूचना 24 दिसंबर 2025 को निर्गत की जाएगी। वहीं, कांडी पंचायत समिति प्रमुख के अप्रत्यक्ष निर्वाचन के लिए सूचना 5 जनवरी 2026 को जारी की जाएगी तथा बैठक 19 जनवरी 2026 को आयोजित होगी।
दोनों प्रखंडों में यह बैठक संबंधित प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित की जाएगी। उक्त बैठक के दौरान ही नाम निर्देशन, मतदान, मतगणना एवं निर्वाचन की घोषणा से संबंधित समस्त प्रक्रियाएं संपन्न कराई जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि गढ़वा सदर एवं कांडी दोनों प्रखंडों में पंचायत समिति प्रमुख का पद अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के उपरांत रिक्त चल रहा है।