6 Feb 2026, Fri

“आइये खुशियाँ बाँटें” : क्रिसमस के अवसर पर पहुँची मानवीय गर्माहटें, 500 को मिले गर्म कपड़े

शेयर करें

अनुप सिंह

गढ़वा: सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की पहल एवं देखरेख में सामाजिक-प्रशासनिक सहयोग से संचालित “आइये खुशियाँ बाँटें” अभियान बुधवार को अपने लगातार 26वें दिन भी जारी रहा। आज का दिन क्रिसमस पर्व का भी था और इसी अवसर पर जरूरतमंद परिवारों तक संवेदना, सहयोग और खुशियाँ पहुँचाने का विशेष प्रयास किया गया।

अभियान के तहत कुल 500 से अधिक जरूरतमंद परिवारों के छोटे-बड़े सदस्यों के बीच गर्म कपड़े, चप्पल, तथा बच्चों को कॉपी-पेन सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। यह वितरण कार्य जिले के चार अलग-अलग वंचित एवं श्रमिक बहुल क्षेत्रों में किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में भौंराहा क्षेत्र के जंगलों के बीच स्थित कोरवा आदिम जनजाति समुदाय की बस्ती में पहुँचकर बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी जरूरतमंदों को गर्म कपड़े एवं अन्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके बाद गोबरदाहा की हरिजन बस्ती में भी बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के बीच गर्म वस्त्र वितरित किए गए।

वहीं क्रिसमस की पूर्व संध्या पर टीम ने दो ईंट भट्टों पर कार्यरत श्रमिक परिवारों के बीच रात्रि में पहुँचकर गर्म वस्त्रों का वितरण किया। दिन-रात कठिन परिश्रम करने वाले इन श्रमिक परिवारों के लिए यह सहायता ठंड के मौसम में बड़ी राहत साबित हुई।

एसडीएम ने बताया कि इन चारों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 500 लोग लाभान्वित हुए। ठंड के मौसम और पर्व के अवसर पर मिली इस सहायता से लोगों के चेहरों पर खुशी और संतोष स्पष्ट दिखाई दिया।

संजय कुमार ने कहा कि यह अभियान केवल सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के सबसे कमजोर वर्गों के साथ खड़े होने का सामूहिक प्रयास है। क्रिसमस जैसे पर्व पर जरूरतमंदों के चेहरों पर मुस्कान लाना ही इस पहल का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने समाज के अन्य सक्षम नागरिकों से भी इस मानवीय अभियान से जुड़ने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *