6 Feb 2026, Fri

भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न बाजपेयी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई

शेयर करें

अनुप सिंह

कांडी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हरिहरपुर क्षेत्र के डुमरसोता गांव में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंडल अध्यक्ष विनोद बिहारी दुबे ने की। उन्होंने अपने संबोधन में अटल बिहारी बाजपेयी के जीवन एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि बाजपेयी जी एक कुशल राजनीतिज्ञ, प्रखर वक्ता और संवेदनशील कवि थे। उन्होंने देश को राजनीतिक स्थिरता प्रदान करने के साथ-साथ विकास की नई दिशा दी। पोखरण परमाणु परीक्षण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना जैसे ऐतिहासिक निर्णय उनके दूरदर्शी नेतृत्व के प्रतीक हैं।

वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी बाजपेयी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनका सादगीपूर्ण जीवन और विचार आज भी सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने और समाज व राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके पर नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह, दिलीप सिंह, दयाशंकर, निर्मल विश्वकर्मा सहित कई स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *