6 Feb 2026, Fri

अनियंत्रित धान लोड पिकअप वाहन ने बाइक सवार को मारी जोरदार टक्कर,बाइक सवार युवक की हालत गंभीर

शेयर करें

अनुप सिंह

कांडी : थाना क्षेत्र अंतर्गत बलियारी पंचायत क्षेत्र के बरवाडीह टोला में हाई स्कूल मोड़ के समीप बुधवार की अहले सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 26 वर्षीय युवक प्रकाश विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल युवक सुंडीपुर निवासी श्री राम विश्वकर्मा का पुत्र है, जिसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

मिली सूत्रों से जानकारी के अनुसार प्रकाश विश्वकर्मा सुंडीपुर अपने घर से अपने मामा के घर सरकोनी गांव जा रहा था। इसी दौरान बरवाडीह टोला स्थित स्कूल के समीप विपरीत दिशा से आ रही धान लदे पिकअप वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक समेत सड़क से काफी दूर जा गिरा। बताया जाता है कि प्रकाश सेमौरा में ‘विश्वकर्मा मोबाइल दुकान’ का संचालन करता है।

हादसे के बाद वाहन लेकर चालक हुआ फरार,एंबुलेंस के इंतजार में बीता काफी समय

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पिकअप वाहन धान से लदा था और उसकी गति काफी तेज थी। दुर्घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना एंबुलेंस को दी, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस के न पहुंचने पर परिजनों ने निजी वाहन से घायल को बेहतर उपचार के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले गए। ग्रामीणों ने कहा कि विडंबना यह रही कि घायल के जाने के बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची। वैसे भी कांडी एवं मझिआंव की स्वास्थ्य व्यवस्था लचर है। जिसको लेकर परिजन उदास दिखे और अपने निजी वाहन करके गढ़वा सदर अस्पताल ले गए।

प्रशासनिक उदासीनता पर ग्रामीणों में रोष

घटना के संबंध में स्थानीय मुखिया पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि उन्होंने तत्काल प्रशासन को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस समय पर घटनास्थल पर नहीं पहुंची। मुखिया के अनुसार, प्रशासन का कहना है कि चूंकि घायल व्यक्ति अब घटनास्थल पर नहीं है, इसलिए परिजन लिखित आवेदन दें, जिसके बाद मामले की जांच की जाएगी। पुलिस की इस प्रतिक्रिया और देरी को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है।

वहीं मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल घायल युवक का उपचार जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। ग्रामीणों ने फरार पिकअप चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *