6 Feb 2026, Fri

नववर्ष 2026 एवं मकर संक्रांति पर्व को लेकर गढ़वा जिला प्रशासन की सुदृढ़ सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की व्यापक तैयारी

शेयर करें

अनुप सिंह

गढ़वा: वर्ष 2025 के समापन एवं नववर्ष 2026 के आगमन के साथ-साथ मकर संक्रांति (विशेषकर 01 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक) के अवसर पर गढ़वा जिला अंतर्गत विभिन्न प्रमुख पर्यटन, वनभोज एवं पिकनिक स्थलों पर पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।

गढ़वा जिले के प्रमुख पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों जैसे- *अनराज डैम, चिरका, पनघटवा, खजूरी डैम, सुखलदरी, गुरुसेंधु, सतबहिनी फॉल, सोन नदी, कोयल नदी* सहित अन्य प्रमुख वनभोज स्थलों पर प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में लोग परिवार एवं मित्रों के साथ एकत्रित होते हैं। जनवरी माह में कुछ स्थलों पर मेले का आयोजन भी होता है, जिससे भीड़ में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

जिला प्रशासन के संज्ञान में यह तथ्य आया है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा इन स्थलों पर शराब एवं अन्य मादक पदार्थों का सेवन किया जाता है, जिससे छेड़खानी, मारपीट एवं दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। साथ ही, जलाशयों की गहराई की जानकारी के अभाव एवं अत्यधिक उत्साह के कारण स्नान के दौरान लोगों के डूबने की घटनाएं पूर्व में भी घटित हुई हैं।

इन संभावित जोखिमों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त–सह–जिला दण्डाधिकारी, गढ़वा श्री दिनेश यादव द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को सतर्कता बरतने एवं निरंतर निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख निर्देश एवं व्यवस्था

सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है कि वे दिनांक 01 जनवरी 2026 को अपने-अपने प्रखंड अंतर्गत चिन्हित प्रमुख वनभोज एवं पिकनिक स्थलों पर अधीनस्थ कर्मियों के माध्यम से सतत निगरानी रखें तथा स्वयं भी स्थलों का निरीक्षण सुनिश्चित करें। अपने-अपने क्षेत्राधिकार में विधि-व्यवस्था के सुदृढ़ प्रबंधन हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, चौकीदार एवं स्थानीय गोताखोरों की तैनाती प्रमुख जलाशयों एवं नदी-घाटों के समीप सुनिश्चित की जाए।

दिनांक 25 दिसंबर 2025 (क्रिसमस) से 15 जनवरी 2026 (मकर संक्रांति) तक की अवधि के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, गढ़वा/श्री बंशीधर नगर/रंका अपने-अपने क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था संधारण हेतु आवश्यक आदेश निर्गत करेंगे एवं वरीय स्तर से सतत निगरानी रखेंगे। पुलिस अधीक्षक, गढ़वा द्वारा पूर्व में की गई समीक्षा के अनुरूप जिले के सभी प्रमुख वनभोज स्थलों एवं जलाशयों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

जनहित में अपील

गढ़वा जिला प्रशासन सभी नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील करता है कि वे उत्सव का आनंद जिम्मेदारी एवं संयम के साथ लें, मादक पदार्थों के सेवन से परहेज करें, जलाशयों में स्नान के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में निकटतम प्रशासनिक या पुलिस पदाधिकारी से तुरंत संपर्क करें।

जिला प्रशासन का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुखद नववर्ष एवं मकर संक्रांति का वातावरण सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *