6 Feb 2026, Fri

तेज रफ्तार स्कौरपियो ने पुलिस कर्मियों को रौंदा,सब इंस्पेक्टर की हुई मौत,कांस्टेबल बुरी तरह से घायल

शेयर करें

ब्यूरो रिपोर्ट

गढ़वा:दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सब-इंस्पेक्टर हेमंत भगत की मौत हो गई। वे सड़क पर लगे जाम को हटाने के दौरान ड्यूटी पर तैनात थे, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें और एक अन्य कांस्टेबल को कुचल दिया।

जानकारी के अनुसार, शिकारीपाड़ा इलाके में गिट्टी लदे दो ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई थी, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही एसआई हेमंत भगत पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।

घायलों को अस्पताल भेजने के बाद एसआई हेमंत भगत दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे और सड़क जाम हटाने में जुट गए। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर मौके पर पहुंची और ड्यूटी पर तैनात एसआई हेमंत भगत तथा कांस्टेबल देवकी प्रजापति को जोरदार टक्कर मार दी।


इस दर्दनाक हादसे में एसआई हेमंत भगत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कांस्टेबल देवकी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल कांस्टेबल को तत्काल दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *