मझिआंव: चंद्रवंशी पेट्रोल पंप के समीप सत्येंद्र पांडेय सीमेंट दुकान में चोरों ने बुधवार को रात्री में कैश काउंटर का ताला तोड़कर पांच लाख रुपये की चोरी कर ली। इस संबंध में भुक्तभोगी सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि वे जब अपना छड़ सीमेंट की दुकान खोले तो देखा कि कैश काउंटर का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखा हुआ पांच लाख रुपये नगद एवं लक्ष्मी गणेश भगवान का चित्र अंकित दो पुराना चांदी का सिक्का गायब है।साथ ही चोरों ने सीसीटीवी का हार्ड डिस्क भी चोरी कर ली। उन्होंने बताया कि घटना के बाद उन्होंने तत्काल 112नंबर पर फोन कर सूचना दिया। इसके ठीक डेढ़ घंटे बाद ही पुलिस आ गई थी,और छानबीन करने के बाद चली गई। उन्होंने बताया कि इस चोरी की लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो ने बताया कि आस पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही चोर को पकड़ लिया जायेगा। उन्होंने बताया कि संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
छह दिन के अंदर बाजार क्षेत्र में चोरी की यह तीसरी घटना
बाजार क्षेत्र में लगातार दूसरी रात भी चोरी की इस भीषण घटना होने से ब्यवसाइयों में पुलिस प्रशासन से गहरी निराशा होने के कारण उनमें दहशत का माहौल है। इसके पहले मंगलवार को रात्री में चोरों ने गायत्री मंदिर के समीप माँ गायत्री जेनरल स्टोर में नगदी व समान सहित एक लाख रुपये की चोरी कर ली थी। इससे पहले बाजार स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय में भी 28 दिसंबर को रात्री में कम्प्यूटर लैब का ताला तोड़कर लगभग एक लाख रुपये मूल्य के कम्प्यूटर सेट की चोरी की थी। इस तरह से जहां एक ओर चोरों ने छह दिन के अंदर चोरी की इस तीसरी घटना को अंजाम देकर यह जताने की कोशिश की है कि उन्हें पुलिस प्रशासन से कोई भय नहीं है और वे पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती भी दे रहे हैं। वहीं थाना कांड संख्या 01/26 के तहत सुसंगत धाराओं में प्राथमिक दर्ज कर ली गई है।