3 Mar 2026, Tue

सिकरी पारनदी में युवक की गला रेतकर निर्मम हत्या,आक्रोशित परिजनों ने दी आंदोलन की चेतावनी

शेयर करें

विष्णु गुप्ता

बड़कागांव: थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरी ओ.पी. के पारनदी गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लापता युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ। 28 वर्षीय तुलसी महतो की अज्ञात अपराधियों ने गला रेतकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, रामेश्वर महतो का पुत्र तुलसी महतो पिछले दो दिनों से घर से लापता था। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं मिला। मंगलवार, 3 मार्च को दोपहर लगभग 1 बजे ऊपर मोहड़र-चीटाही स्थित एक खेत में तुलसी का शव मिला। अपराधियों ने बड़ी बेरहमी से गला रेतकर उसकी जान ली थी।

घटना की सूचना मिलते ही सिकरी ओ.पी. प्रभारी रामकुमार राम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। हालांकि, हत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन परिजन इसे पुरानी रंजिश या सोची-समझी साजिश बता रहे हैं।

मृतक तुलसी महतो अपने पिता का इकलौता पुत्र था और परिवार में वही एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी शादी 10 वर्ष पूर्व कटकमसांडी के बसंतपुर में हुई थी। पीछे वह अपनी पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र को छोड़ गया है। तुलसी की मौत से परिवार के सामने अब जीविकोपार्जन और भविष्य का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखी

हत्या में शामिल लोगों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाए।

पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

परिवार के एक सदस्य को रोजगार सुनिश्चित किया जाए।

परिजनों ने दो टूक कहा है कि यदि प्रशासन उनकी मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं करता है, तो वे सड़क जाम कर उग्र धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। पुलिस ने फिलहाल मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *