कांडी: थाना क्षेत्र के सुंडीपुर गांव में ड्राई डे के दिन अवैध रूप से शराब बिक्री करने के मामले में पुलिस ने छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह छापेमारी कांडी अंचलाधिकारी राकेश सहाय की नेतृत्व में की गई।साथ ही बड़ी मात्रा में विभिन्न ब्रांड की शराब भी बरामद की गई है।
पुछे जाने पर थाना प्रभारी मो. असफाक आलम ने बताया कि 4 मार्च 2026 को गुप्त सूचना पर सुंडीपुर स्थित सरकारी देसी कंपोजिट शराब दुकान से ड्राई डे के दिन अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई,और छापेमारी दल का गठन कर मौके के लिए प्रस्थान किया गया। इस छापेमारी में रिजर्व गार्ड आ.113 राकेश दास और आरक्षी 349 सुजीत कुमार शामिल थे। पुलिस जब सुंडीपुर स्थित सरकारी देसी कंपोजिट दुकान पहुंची तो दुकान खुली मिली।
तलाशी के दौरान दुकान के अंदर लव कुमार पासवान (पिता स्व. राधेश्याम पासवान), ग्राम पंसा बरडीहा, थाना हैदर नगर, जिला पलामू (दुकान का स्टाफ) मौजूद पाया गया।पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा बहाने बनाए गए, लेकिन जांच के क्रम में दुकान के पीछे से छिपाकर रखी गई शराब बरामद की गई। स्वतंत्र गवाह नहीं मिलने के कारण छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मियों को ही गवाह बनाते हुए पुलिस ने विभिन्न ब्रांड की शराब जब्त की।
बरामद शराब में Iconiq White International Grain Whisky 375 ML की 20 बोतल, Royal Stag 180 ML की 46 बोतल, Royal Stag 750 ML की 6 बोतल, Imperial Blue 180 ML की 44 बोतल, Royal Stag 375 ML की 17 बोतल, Signature 750 ML की 9 बोतल, Captain 300 ML की 470 प्लास्टिक बोतल तथा Royal Deluxe 300 ML की 6 प्लास्टिक बोतल शामिल हैं।
पुलिस ने सभी शराब को जब्ती सूची बनाकर विधिवत जब्त कर लिया गया,और आरोपी लव कुमार पासवान को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। जब्त शराब को थाना मालखाना में सुरक्षित जमा कर दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 274, 275, 292, 223 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(A) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।