5 Mar 2026, Thu

दोनों प्रखंड क्षेत्र में पारंपरिक होली गायन के साथ शांतिपूर्ण तरीके से होली संपन्न,युवाओं में दिखा उत्साह

शेयर करें

अस्पताल में आधा दर्जन एक्सीडेंटल एवं मारपीट के मामला पहुंचे

अनुप सिंह

मझिआंव:- मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड क्षेत्र में रंगों का पर्व होली इस वर्ष भी पूरी तरह शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सुबह से ही गांवों और कस्बों में लोगों के बीच होली की मस्ती देखने को मिली। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते नजर आए।

प्रखंड के विभिन्न गांवों में युवाओं ने जमकर होली खेली। ढोल-मांदर और नगाड़ों की थाप पर लोग झूमते रहे। युवाओं की टोली गांव-गांव घूमकर पारंपरिक होली गीत गाती रही, जिससे माहौल पूरी तरह होलीमय बन गया। जगह-जगह लोग एक-दूसरे के घर जाकर अबीर-गुलाल लगाते और मिठाइयों से मुंह मीठा कराते दिखे।

ग्रामीण इलाकों में पारंपरिक होली गायन की विशेष धूम रही। बुजुर्गों और युवाओं की मंडलियों ने फगुआ गीत गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।इधर मझिआंव खुर्द गांव स्थित देवी मंदिर में युवाओं के द्वारा ढोलक, झाल और मंजीरे की धुन पर गाए गए लोकगीतों ने सभी को मदमस्त कर दिया। कई स्थानों पर लोग घंटों तक बैठकर फगुआ गाते रहे और एक-दूसरे को बधाई देते रहे।

होली के अवसर पर गांवों में आपसी भाईचारे और सौहार्द की मिसाल भी देखने को मिली। लोग जाति-धर्म से ऊपर उठकर एक साथ इस पर्व को मनाते नजर आए। घरों में विशेष पकवान बनाए गए और मेहमानों का स्वागत किया गया।

त्योहार को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। विभिन्न स्थानों चौक चौराहों पर पुलिस की निगरानी के कारण कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। पूरे क्षेत्र में शांति और सौहार्द के साथ होली मनाई गई।

इस प्रकार मझिआंव और बरडीहा प्रखंड क्षेत्र में रंगों का यह पर्व उमंग, उल्लास और भाईचारे के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसे लेकर लोगों में काफी खुशी और संतोष देखा गया।

अस्पताल में आए आधा दर्जन से अधिक मामले

मझिआंव रेफरल अस्पताल में बोदरा, भिलमा, जोगीवीर खरसोता, लहर बंजारी,डेवडी, अखोरीतहले से वाहन दुर्घटना में घायल आए। वहीं देर शाम मझिआंव से मारपीट का मामला आया जिसमें अनुज तिवारी के 19 वर्षीय पुत्र नितिन तिवारी गंभीर रूप से घायल पहुंचे। वहीं दूसरे पक्ष के महेंद्र सोनी के दो पुत्र नरेंद्र सोनी 21 वर्ष, ओमप्रकाश सोनी 17 वर्ष एवं नागनाथ सोनी के 35 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र सोनी घायलाअवस्था में अस्पताल पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *