5 Feb 2026, Thu

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांडी क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दों को लेकर सांसद को सौंपा मांग पत्र

शेयर करें

कांडी में सोलर प्लांट और मोहम्मदगंज में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग

अनुप सिंह

कांडी: भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामलाला दुबे के नेतृत्व में एक भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पलामू सांसद श्री विष्णु दयाल राम से मुलाकात कर क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं से संबंधित एक मांग पत्र सौंपा गया।

सौंपे गए मांग पत्र में मुख्य रूप से जिला कांडी प्रखंड अंतर्गत सोन नदी के तट पर सोनपुरा से लेकर डुमरसोता तक खाली पड़ी हजारों एकड़ सरकारी भूमि पर सोलर प्लांट लगाने का आग्रह किया गया है, ताकि बंजर जमीन का सदुपयोग हो सके, और स्थानीय स्तर पर बिजली व रोजगार का सृजन हो। इसके साथ ही, जिले के सभी किसानों के खेतों तक सिंचाई हेतु बिजली पहुंचाने, और सोन व कोयल नदी के किनारे तटबंध निर्माण की मांग की गई है।

रामलाला दुबे ने सांसद को अवगत कराया कि जिले में बन रही सिंचाई नहरें झारखंड सरकार की उदासीनता के कारण बदहाली का शिकार है। योजनाएं अपने निर्धारित समय से दो साल पीछे चल रही है,और निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सभी निर्माणाधीन नहरों की गुणवत्ता जांच कराने की मांग की। साथ ही गढ़वा जिले में हाथी,नीलगाय और जंगली सूअरों द्वारा फसलों और जानमाल को नुकसान पहुंचाई जा रही है। क्षति पर चिंता जताते हुए इसका स्थाई निदान करने का आग्रह किया।

यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का मोहम्मदगंज स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित कराने तथा कोयल नदी पर मोहम्मदगंज-सोहगड़ा पुल के निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी।

सांसद श्री विष्णु दयाल राम ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि इन जनहित के मुद्दों पर वे संबंधित मंत्रालयों और अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। मौके पर अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *