मझिआंव: नगर पंचायत क्षेत्र स्थित आर.के. पब्लिक स्कूल उचरी में स्वामी विवेकानंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय युवा दिवस का आयोजन विशेष प्रातः कालीन प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानाचार्य श्री के.आर. झा और शिक्षकों द्वारा स्वामी विवेकानंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। वहीं भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 6 (बी) के छात्र प्रिंस कुमार मिश्रा ने स्वामी विवेकानंद की वेशभूषा में उनका ऐतिहासिक शिकागो भाषण (1893) का प्रस्तुत किया। कक्षा 10 (ए) की पलक सिंह और कक्षा 9 (ए) की कोमल मिश्रा ने स्वामी जी के करिश्माई व्यक्तित्व पर प्रभावशाली भाषण दिए।
इस दौरान चित्र कला प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 9 तक के विद्यार्थियों ने स्वामी जी के चित्र बनाकर अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य श्री के.आर. झा ने स्वामी विवेकानंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्हें युवाओं का प्रेरणास्रोत और महान आध्यात्मिक गुरु बताया। उन्होंने छात्रों से कहा “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। छात्र खेल के मैदान में समय बिताएं, और स्वामी जी के जीवन से सीख लेकर अपना सर्वांगीण विकास करें।”
उन्होंने छात्रों को स्वामी जी का प्रसिद्ध संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाए” याद दिलाया।
आर.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष और प्रसिद्ध शिक्षाविद श्री अलख नाथ पांडेय ने अपने संदेश में स्कूल के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से छात्रों का चहुंमुखी विकास होता है।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित थे।