पलामू मोहम्मदगंज प्रखंड अंतर्गत हैदरनगर थाना क्षेत्र के पंसा गांव में कोयल एवं सोन नदी के पवित्र संगम के समीप स्थित सूर्य मंदिर परिसर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर पारंपरिक मेले का भव्य आयोजन किया गया। इस मेले में आसपास के दर्जनों गांवों के साथ-साथ कोयल नदी पार कांडी थाना क्षेत्र के कई गांवों से श्रद्धालु एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे।
मकर संक्रांति के अवसर पर श्रद्धालुओं ने प्रातःकाल सूर्य मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। मेला परिसर में मिठाई, खिलौने, श्रृंगार सामग्री एवं खाने-पीने की विविध दुकानों से पूरा क्षेत्र उत्सवमय माहौल में सराबोर रहा। खासकर बच्चों और महिलाओं में मेले को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
मेले की विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर हैदरनगर थाना प्रभारी आजाद अंसारी अपने दल-बल के साथ लगातार मेला क्षेत्र का निरीक्षण करते रहे। वहीं मेला समिति की ओर से अश्विनी सिंह द्वारा पूरे आयोजन की सक्रिय निगरानी की गई। प्रशासनिक सतर्कता और सामाजिक सहयोग के कारण मेला शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
गौरतलब है कि इस ऐतिहासिक मेले की शुरुआत लगभग 40 वर्ष पूर्व अश्विनी सिंह के दादा, पूर्व मुखिया सह प्रसिद्ध पहलवान स्वर्गीय वंशीधर सिंह द्वारा की गई थी। तब से यह मेला क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान बन चुका है। वर्तमान समय में उनके वंशजों एवं ग्राम के सहयोगी दल के द्वारा इस परंपरा का सफलतापूर्वक निर्वहन किया जा रहा है।
मेले के सफल संचालन में समाजसेवी अश्वनी कुमार सिंह, थाना प्रभारी आजाद अंसारी, प्रिंस सिंह, पप्पू सिंह, चंदन कुमार, बिगन सिंह, श्याम बिहारी सिंह एवं रामचंद्र मेहता सहित अनेक ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों, ग्रामीणों एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।