मझिआंव: नगर पंचायत क्षेत्र अंर्तगत आर.के. पब्लिक स्कूल उचरी में ‘राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह’ के उपलक्ष्य में एक विशेष प्रातः कालीन प्रार्थना सभा में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। छात्रों ने सड़क सुरक्षा पर स्लोगन, पैराग्राफ और पोस्टर बनाए। इस अवसर पर एक क्विज़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।
प्राचार्य श्री के.आर. झा ने सभी छात्रों और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों और संकेतों का पालन करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “सुरक्षित यात्रा से ही जीवन सुरक्षित रहता है।” प्राचार्य ने छात्रों को प्रेरित किया कि वे अपने माता-पिता और अभिभावकों को भी इसके प्रति जागरूक करें और उन्हें ड्राइविंग के दौरान हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की सलाह दें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और हताहतों की संख्या को कम किया जा सके।
प्रख्यात शिक्षाविद्, लोकप्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और आर.के. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष श्री अलख नाथ पांडेय ने स्कूल के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्रों और अभिभावकों में आने वाली जागरूकता स्कूल और समाज के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और विद्यार्थी उपस्थित थे।