5 Feb 2026, Thu

गांव के गरीब, असहाय और अभावग्रस्त बच्चों के लिए ‘निःशुल्क कोचिंग सेंटर’ का किया गया भव्य शुभारंभ

शेयर करें

शिक्षा प्रकाश से ही समाज का अंधकार दूर हो सकता है: समिति

उमेश कुमार

रमना प्रखंड मुख्यालय में इसी उद्देश्य के साथ मंगलवार को ग्राम पंचायत सचिवालय, सरांग के प्रांगण में ‘ग्राम उत्थान समिति’ द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। समिति द्वारा गांव के गरीब, असहाय और अभावग्रस्त बच्चों के लिए ‘निःशुल्क कोचिंग सेंटर’ का भव्य शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिप्टी कलेक्टर विनोद कुमार सिंह ने फीता काटकर कोचिंग सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने विद्या की देवी मां सरस्वती, संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और प्रथम महिला शिक्षिका माता सावित्रीबाई फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विनोद कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन की आवश्यकता है। ग्राम उत्थान समिति द्वारा अभावग्रस्त बच्चों के लिए शुरू किया गया यह सेंटर मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने बच्चों को कड़ी मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने की, जबकि मंच का कुशल संचालन शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में आलोक चंद्रवंशी ने उपस्थित सभी अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन किया।

मौके पर वक्ता के रूप में पप्पू चंद्रवंशी, शंभू सिंह, शिवप्रसाद गुप्ता, रामाधार पासवान, महेन्द्र प्रसाद गुप्ता, माधुरी देवी, रवींद्र सिंह, शिव शंकर सिंह, रोहित कुमार और अखिलेश सिंह ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समिति के इस प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर दिनेश सिंह, दीपक कुमार, सूर्यदेव सिंह, लल्लू बैठा, रघु सिंह, बरती कुंवर, कुमारी देवी, अनिता देवी, बसंती देवी, राजपति देवी, सुषमा देवी, अशोक गुप्ता, अनिल पासवान सहित काफी संख्या में गांव के महिला, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित थे। ग्रामीणों में इस पहल को लेकर काफी उत्साह देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *